बक्सर । जिले के नैनीजोर और कोरानसराय थाना क्षेत्रों में शनिवार को अलग-अलग घटनाओं में महिला समेत दो लोगों की हत्या से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों मामलों में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पहली घटना नैनीजोर थाना क्षेत्र के बधार इलाके में हुई, जहां विवादित जमीन पर लगी गेहूं की फसल काटने को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान हुई गोलीबारी में बड़की नैनीजोर निवासी 58 वर्षीय तारकेश्वर यादव की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उन्हें दो गोलियां लगीं—एक गले को पार कर गई, जबकि दूसरी छाती में फंस गई, जिसे पोस्टमार्टम के दौरान निकाला गया।
घटना की पुष्टि करते हुए पोलस्त कुमार ने बताया कि गांव के बाहर गंगा के छाड़ में गेहूं की फसल को लेकर विवाद हुआ था। शनिवार रात करीब 10 बजे कुछ लोग फसल काटने पहुंचे थे, जिसका विरोध करने पर दोनों पक्षों में फायरिंग शुरू हो गई। पुलिस ने इस मामले में मनन तिवारी समेत दो लोगों को हिरासत में लिया है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
वहीं दूसरी घटना कोरानसराय थाना क्षेत्र के कनझरुआ गांव की है, जहां बच्चों के आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद में दोनों पक्षों के बड़े भी शामिल हो गए और मारपीट शुरू हो गई। शाम के समय शौच के लिए गई महिलाओं के बीच भी झड़प हुई, जिसमें वीर बहादुर साह की पत्नी 39 वर्षीय सुनीता देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां उनकी मौत हो गई।
इस मामले में भी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विजय साह की पत्नी और उसकी दो बच्चियों समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है। एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने बताया कि दोनों मामलों में पूछताछ जारी है और विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments