Ad Code

निषाद राज जयंती पर बक्सर में भव्य समारोह, मंत्री रमा निषाद ने समाज को दिया एकता व सशक्तिकरण का संदेश



बक्सर । भगवान निषाद राज की जयंती के अवसर पर नगर के मलहचकिया स्थित आराध्या मैरिज हॉल में रविवार को भव्य एवं ऐतिहासिक समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में समाज के लोग शामिल हुए और पूरे आयोजन में अनुशासन, भव्यता तथा सामाजिक एकता की झलक देखने को मिली।

समारोह की अध्यक्षता भाजपा मत्स्यजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक विवेक चौधरी ने की, जबकि संचालन जदयू के पूर्व जिला महामंत्री राजेश चौधरी ने किया। कार्यक्रम के अंत में भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री आदित्य चौधरी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार सरकार की मंत्री एवं बक्सर जिला प्रभारी मंत्री रमा निषाद उपस्थित रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राणा प्रताप सिंह शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री द्वारा दीप प्रज्वलन एवं भगवान निषाद राज के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।



अपने संबोधन में मंत्री रमा निषाद ने कहा कि “भगवान निषाद राज केवल साहस के प्रतीक नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता और मित्रता के सर्वोच्च आदर्श हैं।” उन्होंने निषाद समाज में शिक्षा, तकनीकी विकास, कौशल प्रशिक्षण और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने पर जोर दिया। साथ ही नरेन्द्र मोदी की विकास योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की बात कही और युवाओं व महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

मंत्री ने बक्सर की धार्मिक एवं पौराणिक महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि यह नगर श्रद्धालुओं के लिए गौरव का केंद्र बनेगा। उन्होंने भगवान श्रीराम और निषादराज गुह्य की मित्रता का उदाहरण देते हुए सामाजिक एकता का संदेश दिया।

विशिष्ट अतिथि राणा प्रताप सिंह ने निषाद समाज की नदी संस्कृति, नाविक परंपरा और मेहनत को भारत की प्राचीन धरोहर बताया। उन्होंने कहा कि भगवान राम और निषादराज की मित्रता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायक है तथा समाज को संगठित होकर आगे बढ़ना चाहिए।

अध्यक्षीय संबोधन में विवेक चौधरी ने कहा कि निषाद समाज की संख्या और क्षमता बड़ी है, लेकिन प्रतिनिधित्व अपेक्षित है। उन्होंने समाज को राजनीतिक रूप से जागरूक और संगठित होने का आह्वान किया तथा महिलाओं और युवाओं को नेतृत्व में आगे आने की प्रेरणा दी।





आदित्य चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि निषाद राज की शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, तकनीक और प्रतियोगी परीक्षाओं में आगे बढ़ने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

आयोजन समिति ने बताया कि इस वर्ष का निषाद राज जयंती समारोह अनुशासित व्यवस्था, रिकॉर्ड जनभागीदारी और सांस्कृतिक विविधता के कारण ऐतिहासिक और अविस्मरणीय रहा। अंत में समिति ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं समाज के लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में भाजपा चौसा नगर अध्यक्ष सविता देवी, शिव जी चौधरी, पिंटू चौधरी, रामेश्वर चौधरी, डॉ. अजीत चौधरी, गिरिजा सहनी, जय प्रकाश साहनी, प्रेम चंद चौधरी, अशोक चौधरी तथा जदयू नेता श्यामजी वर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 




Post a Comment

0 Comments

Close Menu