Ad Code

कांट में ऐतिहासिक डैम तोड़ने का आरोप, जेके सीमेंट फैक्ट्री पर कार्रवाई की मांग,मंत्री को सौंपा ज्ञापन


बक्सर । ब्रह्मपुर प्रखंड के कांट गांव स्थित जेके सीमेंट फैक्ट्री इन दिनों एक गंभीर विवाद के केंद्र में आ गई है। पर्यावरण संरक्षण कार्यकर्ता शैलेश ओझा ने फैक्ट्री प्रबंधन पर ऐतिहासिक एवं उपयोगी डैम को ध्वस्त करने का आरोप लगाते हुए बिहार सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी को ज्ञापन सौंपा है।

ज्ञापन में कहा गया है कि बक्सर जिले के रघुनाथपुर क्षेत्र के मेहमडरा एवं कांट मौजा तथा भोजपुर जिले के सिकरिया मौजा से होकर बहने वाली नदी/नहर पर पूर्व में कृषि विभाग द्वारा कई डैम (अवरोधक) बनाए गए थे। इन डैमों में संचित जल का उपयोग वर्षों से स्थानीय किसान सिंचाई के लिए करते रहे हैं। साथ ही यह जल स्रोत पशुपालकों और वन्य जीवों, विशेषकर हिरणों के लिए भी महत्वपूर्ण रहा है।



शैलेश ओझा ने आरोप लगाया कि फैक्ट्री प्रबंधन ने नदी सफाई के नाम पर भारी मशीनों का उपयोग कर ब्रिटिश काल में बने ऐतिहासिक डैम को क्षतिग्रस्त कर दिया। उनका कहना है कि यह कार्य पर्यावरण नियमों का उल्लंघन है और इससे क्षेत्र के जलस्तर एवं सिंचाई व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर पूर्व में जिलाधिकारी को भी पत्र देकर कार्रवाई की मांग की गई थी। वहीं, इस प्रकरण में लघु सिंचाई विभाग की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि विभाग अब तक यह स्पष्ट नहीं कर सका है कि डैम उनके अभिलेख में दर्ज है या नहीं तथा इसकी जिम्मेदारी किसकी है। अधिकार क्षेत्र को लेकर बनी अस्पष्टता के कारण कार्रवाई फिलहाल लंबित है।





दूसरी ओर, जेके सीमेंट फैक्ट्री प्रबंधन ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि डैम में जमी गाद और सिल्ट के कारण नदी का प्रवाह बाधित हो गया था। उन्होंने दावा किया कि उनकी मंशा केवल सफाई कर जल प्रवाह को सुचारू करना था, न कि डैम को नुकसान पहुंचाना।

इधर, स्थानीय ग्रामीणों और पर्यावरण विशेषज्ञों ने प्रशासन से शीघ्र स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है, ताकि ऐतिहासिक धरोहर की रक्षा के साथ-साथ क्षेत्र में जल संरक्षण और सिंचाई व्यवस्था को बहाल किया जा सके।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 




Post a Comment

0 Comments

Close Menu