- सर्वदलीय समिति ने एकदिवसीय धरना का किया ऐलान
बक्सर : नगर पंचायत ब्रह्मपुर द्वारा वर्ष 2021 से 2026 तक होल्डिंग टैक्स वसूली को लेकर लिए गए फैसलों के खिलाफ अब जनआक्रोश खुलकर सामने आ गया है.
बिना पूर्व सूचना, बिना आमसभा और बिना जनता की सहमति के सड़कों का वर्गीकरण एवं होल्डिंग रेट निर्धारण किए जाने के आरोप में सर्वदलीय समिति एवं सामाजिक मंच ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है.
मामले को लेकर मंगलवार 7 अप्रैल को ब्रह्मपुर प्रखंड मुख्यालय सह नगर पंचायत कार्यालय के बाहर सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक एकदिवसीय धरना देने का निर्णय लिया गया है. इस दौरान 30 सूत्री मांग पत्र भी प्रशासन को सौंपा जाएगा.
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे सामाजिक मंच के संयोजक नागेंद्र मोहन सिंह ने कहा कि नगर पंचायत द्वारा टैक्स निर्धारण में पारदर्शिता नहीं बरती गई है और जनता को विश्वास में लिए बिना ही मनमाने तरीके से निर्णय थोपे गए हैं. इससे आम लोगों में भारी नाराजगी है.
उन्होंने नगर पंचायत क्षेत्र के सभी नागरिकों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में धरना स्थल पर पहुंचकर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाएं. उनका कहना है कि यह संघर्ष जनता के हक और न्याय की लड़ाई है, जिसे अंतिम मुकाम तक पहुंचाया जाएगा.
धरना को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक सरगर्मी तेज हो गई है और बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना जताई जा रही है.
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments