बक्सर । जिले में शादी के नाम पर दूल्हे पक्ष को फंसाकर लूटपाट करने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। महादेवा गंगा घाट पर वारदात को अंजाम देने वाले इस गिरोह के 9 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से 38,500 रुपये नगद, गहने, एक ऑटो और कई मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
मामले का खुलासा तब हुआ जब उत्तर प्रदेश के कानपुर निवासी रमा देवी ने मुफस्सिल थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि कोरान सराय थाना क्षेत्र की कलावती देवी और उनके पति रमेश गोड़ ने उनके देवर की शादी कराने का झांसा देकर 7 अप्रैल को फरीदाबाद से बक्सर बुलाया। शादी के नाम पर पहले 50 हजार रुपये और गहनों की मांग की गई, बाद में 40 हजार रुपये व कुछ जेवर पर सहमति बनी।
8 अप्रैल को विनय और कथित दुल्हन नीतु की कोर्ट मैरिज कराई गई। इसके बाद सभी लोग रस्म अदायगी के लिए महादेवा गंगा घाट पहुंचे, जहां दुल्हन को गहने पहनाए गए। लेकिन विदाई के दौरान अचानक बाइक से पहुंचे दो युवक खुद को पुलिसकर्मी बताकर सभी को थाने ले जाने की धमकी देने लगे। इसी अफरा-तफरी का फायदा उठाकर दुल्हन और उसके साथी नगद व गहने लेकर फरार हो गए।
ठगी का एहसास होते ही पीड़ित पक्ष ने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच शुरू की और छापेमारी कर दुल्हन समेत कुल 9 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों में नीतु देवी, मीना देवी, शिवबचन चौहान, सुनैना देवी, हैदर खां (नकली पुलिस), हाकीम चौहान, कलावती देवी और जगजीवन चौहान शामिल हैं। पुलिस के अनुसार यह गिरोह सुनियोजित तरीके से शादी का झांसा देकर लोगों को फंसाता था और फिर लूट की घटना को अंजाम देता था।
गिरफ्तारी टीम में सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय, मुफस्सिल थानाध्यक्ष शंभू भगत, एसआई चंदन कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पूछताछ के बाद सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments