बक्सर/डुमरांव । नया भोजपुर गांव के समीप धर्मावती नदी एवं मुख्य सड़क किनारे खुलेआम कचरा डंपिंग को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। डुमरांव नगर परिषद के सफाई कार्य से जुड़े एनजीओ द्वारा सड़क किनारे और नदी के बीचों-बीच कचरा फेंके जाने से स्थानीय लोगों और राहगीरों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कचरे से उठने वाली दुर्गंध के कारण काजीपुर, डुमरी, चक्की, सिंघनपुरा, दुराशन और रामपुर समेत दर्जनों गांवों के लोगों का आवागमन दूभर हो गया है। प्रतिदिन डुमरांव आने-जाने वाले लोगों को इस मार्ग से गुजरते समय बदबू और प्रदूषण झेलना पड़ता है। वहीं, कचरे में आग लगा दिए जाने से वातावरण और अधिक प्रदूषित हो रहा है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कचरे से निकलने वाला जहरीला द्रव (लीचेट) धर्मावती नदी के जल को भी प्रदूषित कर रहा है, जिससे जलजीवों और पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है। साथ ही, सड़क किनारे कचरे के ढेर के कारण आए दिन दुर्घटनाएं भी हो रही हैं।
इस मुद्दे को लेकर अब जनप्रतिनिधि भी सक्रिय हो गए हैं। हाल ही में सिमरी प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष सह डुमरी मुखिया प्रेमसागर कुँवर और काजीपुर मुखिया इम्तियाज अंसारी के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने हस्ताक्षर कर जिला पदाधिकारी को
ज्ञापन सौंपा था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
अब काजीपुर मुखिया इम्तियाज अंसारी ने इस मामले को नए सिरे से उठाते हुए बक्सर के सांसद सुधाकर सिंह को पत्र लिखकर त्वरित हस्तक्षेप की मांग की है। पत्र में उन्होंने आरोप लगाया है कि नगर परिषद डुमरांव द्वारा नियमों की अनदेखी करते हुए नदी में कचरा डंप किया जा रहा है और उसके निपटान के नाम पर उसमें आग लगा दी जाती है, जो कि अमानवीय होने के साथ-साथ सर्वोच्च न्यायालय और राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के नियमों का उल्लंघन है।
ग्रामीणों ने सांसद से मांग की है कि इस गंभीर समस्या पर तत्काल संज्ञान लेते हुए कचरा डंपिंग पर रोक लगाई जाए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments