बक्सर । जिले के नव नियुक्त जिला अभियोजन पदाधिकारी हरीश कुमार ने बुधवार को विधिवत रूप से अपना पदभार ग्रहण कर लिया। इस अवसर पर न्यायालय परिसर में गरिमामय माहौल देखने को मिला, जहां अधिवक्ताओं तथा अभियोजन विभाग के कर्मियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
पदभार ग्रहण करने के बाद अपने संबोधन में हरीश कुमार ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य आपराधिक मामलों में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित कर दोषियों को शीघ्र सजा दिलाना तथा पीड़ितों को समयबद्ध न्याय उपलब्ध कराना होगा। उन्होंने लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, गवाहों की सुरक्षा एवं समय पर उपस्थिति, तथा अनुसंधान और अभियोजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष बल दिया।
उन्होंने कहा कि अभियोजन कार्य प्रणाली को और अधिक पारदर्शी, जवाबदेह एवं परिणामोन्मुख बनाया जाएगा, ताकि आम जनता का न्याय व्यवस्था पर विश्वास और मजबूत हो सके। साथ ही उन्होंने सभी अभियोजन अधिकारियों और कर्मियों से टीम भावना के साथ कार्य करने की अपील की।
इस अवसर पर अभियोजन अधिकारी मणिशंकर पाण्डेय, कृष्ण कुमार दुबे, राकेश राय, सोमेश मिश्रा, मस्तेंद्र कुमार, मनीष ओझा, अपूर्वा सिंह, निवेदिता कुशवाहा, चारु अग्निहोत्री, उमा सिंह, शुभम कुमार पाण्डेय, श्रद्धा उपाध्याय, प्रियांशु मिश्रा एवं सोनालिका रौनियार सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं अधिवक्ता आशुतोष कुमार ओझा और राघवेंद्र नाथ मिश्रा सहित अन्य अधिवक्ताओं की भी मौजूदगी रही।
अधिकारियों एवं अधिवक्ताओं ने नव पदस्थापित जिला अभियोजन पदाधिकारी का स्वागत करते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में अभियोजन विभाग और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनेगा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments