बक्सर । मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बनारपुर गांव में मंगलवार दोपहर ठेकेदारी वर्चस्व को लेकर फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। अचानक हुई गोलीबारी से गांव में अफरातफरी मच गई और लोग भय के कारण अपने-अपने घरों में दुबक गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार करीब 12 बजे 4–5 गाड़ियों में सवार कुछ लोग बनारपुर गांव पहुंचे और वहां फायरिंग शुरू कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल कायम हो गया। हालांकि इस गोलीबारी में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक जलहरा गांव का एक युवक, जो पहले बनारपुर निवासी मनोरंजन पांडेय के साथ थर्मल पावर प्लांट में ठेकेदारी से जुड़ा था, अब खुद इस क्षेत्र में वर्चस्व कायम करना चाहता था। बताया जाता है कि राजद नेता अर्जुन यादव हत्याकांड में आरोपी रहने के कारण मनोरंजन पांडेय के जेल जाने के बाद ठेकेदारी को लेकर विवाद गहरा गया था। हाल ही में मनोरंजन पांडेय के जमानत पर रिहा होने के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया था।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।
थानाध्यक्ष शंभू भगत ने बताया कि फायरिंग की घटना की पुष्टि हुई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments