बक्सर । जिले के सिमरी प्रखंड अंतर्गत लालसिंह डेरा गांव के समीप गंगा नदी के कोल में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब सरसों की कटनी करने जा रहे मजदूरों से भरी एक छोटी नाव अचानक पलट गई। इस घटना में नौ मजदूरों को स्थानीय लोगों की तत्परता से सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि एक 10 वर्षीय बच्ची के डूबने की आशंका जताई जा रही है, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, नवरंग डेरा गांव के खेतीहर मजदूर नाव पर सवार होकर गंगा नदी पार कर दूसरे किनारे सरसों की फसल काटने जा रहे थे। नाव पर कुल नौ मजदूरों के साथ एक बच्ची भी सवार थी। जैसे ही नाव बीच धारा में पहुंची, संतुलन बिगड़ गया और देखते ही देखते नाव पानी में पलट गई। अचानक हुए हादसे से नाव पर सवार सभी लोग नदी में गिर पड़े और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना को देख पास के खेतों में काम कर रहे किसानों ने साहस और मानवता का परिचय देते हुए बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी और एक-एक कर नौ मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। ग्रामीणों की बहादुरी से बड़ी जनहानि टल गई। हालांकि, अफरातफरी के बीच एक 10 वर्षीय बच्ची लापता हो गई, जिसकी पहचान नवरंग डेरा निवासी नेहा कुमारी के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। प्रशासन की ओर से गोताखोरों को बुलाकर गंगा नदी के कोल में बच्ची की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हर संभव प्रयास किया जा रहा है और जल्द से जल्द बच्ची का पता लगाने के लिए लगातार खोज अभियान चलाया जा रहा है।
हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है और परिजन बेसब्री से बच्ची के मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से नाव संचालन में सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments