बक्सर । भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली द्वारा भोजपुर-सह-बक्सर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद उपचुनाव 2026 का प्रेस नोट जारी होने के बाद बक्सर में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी बक्सर श्रीमती साहिला की अध्यक्षता में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर, उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के अध्यक्ष एवं सचिव उपस्थित रहे। इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने चुनाव कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए सभी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 16 अप्रैल 2026 को अधिसूचना जारी होगी, जबकि 23 अप्रैल तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। 24 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 27 अप्रैल तक उम्मीदवार नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 12 मई 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा, जबकि मतगणना 14 मई को की जाएगी। 15 मई तक चुनाव प्रक्रिया पूर्ण कर ली जाएगी।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि इस निर्वाचन के लिए भोजपुर जिला पदाधिकारी को निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है, जबकि बक्सर एवं डुमरांव के अनुमंडल पदाधिकारी सहायक निर्वाची पदाधिकारी होंगे।
बक्सर जिले के सभी 11 प्रखंडों में मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां स्थानीय निकायों के मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान केंद्रों की सूची सभी जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गई, जिस पर किसी भी राजनीतिक दल ने आपत्ति नहीं जताई।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि प्रेस नोट जारी होते ही आदर्श आचार संहिता लागू हो चुकी है, जिसका पालन सभी दलों एवं प्रत्याशियों के लिए अनिवार्य होगा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments