Ad Code

बक्सर जिला परिषद अध्यक्ष के खिलाफ सियासी घमासान तेज, अविश्वास प्रस्ताव को लेकर सदस्यों ने DDC को सौंपा ज्ञापन


बक्सर । जिला परिषद अध्यक्ष के खिलाफ जिले की सियासत गरमा गई है। जिला परिषद के कई निर्वाचित सदस्यों ने अध्यक्ष सरोजा देवी के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव लाने की प्रक्रिया शुरू करते हुए सोमवार को संयुक्त हस्ताक्षरित ज्ञापन बक्सर के उपविकास आयुक्त (DDC) निहारिका छवि को सौंप दिया। इस ज्ञापन की प्रति जिलाधिकारी को भी भेजी गई है।

ज्ञापन में सदस्यों ने बिहार पंचायत राज अधिनियम 2006 की धारा 70 (4) (1) के तहत विशेष बैठक बुलाकर अध्यक्ष के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव पर विचार कराने की मांग की है। सदस्यों का कहना है कि अध्यक्ष की कार्यशैली से वे असंतुष्ट हैं और बहुमत के आधार पर विश्वास की कमी का प्रस्ताव प्रस्तुत किया जा रहा है।


सदस्यों द्वारा दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि अध्यक्ष द्वारा जिला परिषद सदस्यों के अधिकारों की अनदेखी करते हुए व्यक्तिगत अनुशंसा पर विभिन्न विद्यालयों में पुस्तकालय के नाम पर पुस्तकें एवं फर्नीचर की आपूर्ति कराई गई। इसके साथ ही यह भी आरोप है कि जिला परिषद की सामान्य बैठक नियमानुसार तीन माह के अंतराल पर नहीं बुलाई गई।

ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि बैठक की कार्यवाही पंजी में सदस्यों के प्रश्नों को मनमाने तरीके से हटाया गया तथा तथ्यों को अपनी सुविधा अनुसार दर्ज कराया गया। योजनाओं के चयन में भी भेदभाव किए जाने और अपने क्षेत्र में अपेक्षाकृत अधिक राशि खर्च करने का आरोप लगाया गया है।





अविश्वास प्रस्ताव से संबंधित इस ज्ञापन पर जिला परिषद सदस्य रीना कुमारी, चौगाई से सदस्य अरविंद प्रताप शाही, पूजा देवी, केसठ से विद्या भारती, आरती देवी, मुना यादव सहित कई अन्य सदस्यों ने हस्ताक्षर किए हैं।

सदस्यों ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार जल्द से जल्द विशेष बैठक आयोजित कराई जाए, ताकि अविश्वास प्रस्ताव पर औपचारिक रूप से चर्चा और मतदान कराया जा सके।

इस घटनाक्रम के बाद जिला परिषद की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और आने वाले दिनों में विशेष बैठक की तिथि तय होने के साथ सियासी समीकरण और स्पष्ट होने की संभावना जताई जा रही है।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 




Post a Comment

0 Comments

Close Menu