बक्सर । जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में मंगलवार को जिला मुख्यालय पर केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में विशाल प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडेय ने की।
दोपहर 12:30 बजे से शुरू हुए इस विरोध प्रदर्शन में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने महंगाई, रसोई गैस की बढ़ती कीमतों तथा कथित आपूर्ति संकट को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
कार्यक्रम के तहत 1:30 बजे सिंडिकेट, बक्सर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी का विधि-विधान के साथ पुतला दहन किया गया। इसके बाद 2:00 बजे कांग्रेस कार्यालय में आमसभा आयोजित कर कार्यक्रम का समापन किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडेय ने कहा कि केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण आम जनता महंगाई की मार झेल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों और आपूर्ति में किल्लत ने गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की रसोई पर सीधा असर डाला है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक गैस कीमतों में राहत और महंगाई पर नियंत्रण नहीं होता, तब तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।
इस अवसर पर बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी मृणाल अनामय ने भी केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि महंगाई से देश की जनता त्रस्त है और कांग्रेस पार्टी हमेशा गरीब, किसान, मजदूर और मध्यमवर्ग के हितों के लिए संघर्ष करती रहेगी।
प्रदर्शन में जिला किसान प्रकोष्ठ अध्यक्ष संजय कुमार पांडेय, ओबीसी प्रकोष्ठ अध्यक्ष विनोद मौर्य, महिला कांग्रेस अध्यक्ष निर्मला देवी, प्रखंड अध्यक्ष राजू वर्मा, अजय ओझा, राजा रमण पांडेय, डॉ. सत्येंद्र ओझा, डॉ. चंद्रशेखर पाठक, जलील अहमद, त्रिजोगी नारायण मिश्रा, अजय यादव, कुमकुम देवी, चंद्र भूषण प्रसाद, दिनेश राय सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आमजन उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि हाल के महीनों में रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि को लेकर देशभर में विपक्षी दलों द्वारा विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं, जिससे महंगाई का मुद्दा राजनीतिक बहस के केंद्र में बना हुआ है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments