बक्सर । जिले के राजपुर प्रखंड अंतर्गत अहियापुर गांव निवासी छात्र अवनीश कुमार यादव ने बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के विज्ञान वर्ग में 500 में से 441 अंक (88.20 प्रतिशत) प्राप्त कर अपने परिवार, विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
अवनीश, +2 रघुवंशी कुँवरी हाई स्कूल, तियरा के छात्र हैं। इससे पहले उन्होंने मैट्रिक परीक्षा में भी 88.60 प्रतिशत अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था।
अवनीश के पिता जयराम सिंह यादव के पास कोई स्थायी रोजगार नहीं है और परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है। इसके बावजूद अवनीश ने कठिन परिस्थितियों में पढ़ाई जारी रखते हुए यह सफलता प्राप्त की।
उनकी इस उपलब्धि के पीछे उनके बड़े भाई आशुतोष कुमार का विशेष योगदान रहा है। पारिवारिक जिम्मेदारियों के कारण आशुतोष कुमार को अपनी पढ़ाई बीच में छोड़कर बाहर काम करने जाना पड़ा, ताकि वह परिवार का भरण-पोषण करते हुए अपने छोटे भाई-बहनों की पढ़ाई जारी रख सकें।
अवनीश ने अपनी सफलता का श्रेय अपने बड़े भाई, माता तारामुन्नी देवी, शिक्षकों और परिवार के सहयोग को दिया। उन्होंने भावुक होकर कहा कि “मेरे बड़े भाई मेरे और मेरे पूरे परिवार के लिए भगवान के समान हैं। उन्होंने अपनी पढ़ाई छोड़कर हमें पढ़ाया और आगे बढ़ने का मौका दिया।”
विद्यालय के शिक्षकों ने अवनीश की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद उसने अनुशासन और मेहनत के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। ग्रामीण परिवेश से आने वाले छात्रों के लिए उसकी सफलता प्रेरणादायी है।
गांव अहियापुर में अवनीश के अच्छे परिणाम की खबर फैलते ही ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने उसके घर पहुंचकर बधाई दी और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments