बक्सर । चैती छठ पूजा के अवसर पर शहर के गंगा घाटों पर आस्था और उत्साह का अद्भुत नज़ारा देखने को मिला। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए बड़ी संख्या में छठ व्रती और श्रद्धालु घाटों पर पहुंचे। सूर्यास्त के समय व्रतियों ने पूरे विधि-विधान के साथ भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
नगर परिषद और जिला प्रशासन की ओर से इस वर्ष छठ घाटों पर विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। रामरेखा घाट, नाथ बाबा घाट, सती घाट, अहिल्या घाट, सिपाही घाट सहित नगर परिषद क्षेत्र के दर्जनों घाटों को साफ-सुथरा और सुरक्षित बनाया गया था। घाटों को आकर्षक रोशनी से सजाया गया, जिससे पूरा क्षेत्र जगमगा उठा और श्रद्धालुओं को आवागमन में कोई असुविधा नहीं हुई।
इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव डॉ. श्रवण तिवारी ने छठ पूजा की शुभकामनाएं देते हुए जिला प्रशासन द्वारा किए गए इंतजामों की सराहना की। उन्होंने बताया कि सभी प्रमुख घाटों पर पर्याप्त प्रकाश, साफ-सफाई, सुरक्षा और चिकित्सा की व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी, जिससे व्रतियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
छठ पर्व के दौरान प्रशासनिक अधिकारी भी लगातार मुस्तैद रहे। सदर एसडीएम अविनाश कुमार एवं सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय नाव और पैदल दोनों माध्यमों से घाटों का निरीक्षण करते रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। वहीं जिलाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने भी व्यवस्थाओं पर नजर रखते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
नगर परिषद चेयरमैन प्रतिनिधि नियमतुल्लाह फरीदी भी परिषद के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ घाटों पर मौजूद रहे और साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य सुविधाओं को दुरुस्त करने में जुटे रहे। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए शहर में ट्रैफिक व्यवस्था भी सुदृढ़ रखी गई, जिससे पर्व के दौरान जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।
समूचे वातावरण में भक्ति, अनुशासन और सामूहिक आस्था की झलक देखने को मिली। श्रद्धालुओं ने प्रशासन और नगर परिषद के बेहतर प्रबंधन की सराहना करते हुए इसे सफल आयोजन बताया।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments