बक्सर । नगर में महावीरी पूजा धूमधाम और उल्लास के साथ मनाई जा रही है। इस अवसर पर निकली भव्य शोभायात्रा ने पूरे शहर को भक्तिमय माहौल में रंग दिया। “जय बजरंगबली” के जयघोष और भक्ति गीतों से नगर गुंजायमान रहा, वहीं विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और लोगों ने श्रद्धापूर्वक हनुमान जी की पूजा-अर्चना की।
सदर विधायक आनंद मिश्र भी नगर के विभिन्न पूजा समितियों के कार्यक्रमों में शामिल हुए और बजरंगबली का आशीर्वाद लिया। आयोजन के दौरान जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा और एसपी शुभम आर्य स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते नजर आए।
अंबेडकर चौक स्थित मनोकामना सिद्ध हनुमान मंदिर के सदस्य सुशील मानसिंहका ने बताया कि बक्सर में महावीरी पूजा की परंपरा लगभग 103 वर्षों से चली आ रही है। हर वर्ष यह पूजा वार्षिकोत्सव के रूप में मनाई जाती है, जिसमें शोभायात्रा नगर भ्रमण करते हुए अंबेडकर चौक पहुंचकर संपन्न होती है। इस दौरान श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का भी आयोजन किया गया।
रेड क्रॉस सचिव डॉ. श्रवण कुमार तिवारी ने कहा कि महावीरी पूजा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और सेवा का प्रतीक है। वहीं सामाजिक कार्यकर्ता नियामतुल्लाह फरीदी ने इसे भाईचारे को मजबूत करने वाला आयोजन बताया।
भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश भुवन, सतीश चंद्र त्रिपाठी, प्रकाश पांडेय, डॉ. हनुमान प्रसाद अग्रवाल और रोहित मिश्र ने जिलेवासियों को महावीरी पूजा की शुभकामनाएं दीं। सामाजिक कार्यकर्ता ओमजी यादव ने भी इस परंपरा को बक्सर की पहचान बताते हुए युवाओं से इसे आगे बढ़ाने की अपील की।
मुसाफिरगंज मोहल्ले में भागीरथी सेवा संस्थान द्वारा भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। संस्थान के सचिव राजीव कुमार ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी सेवा भाव से भंडारा आयोजित किया गया है।
पूरे आयोजन के दौरान प्रशासनिक अधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहे। एसडीएम अविनाश कुमार, एसडीपीओ गौरव पांडेय और नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह विभिन्न स्थानों पर जाकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सका।
इस आयोजन में समाज के विभिन्न वर्गों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। पायल कम्युनिकेशन के धन्नू, ब्लड संस्था के प्रियेश कुमार और इंद्रलोक वाणी के रिशु कुमार ने भी सक्रिय भूमिका निभाई, जिसकी सराहना श्रद्धालुओं ने की।
पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में रहा। एसपी शुभम आर्य ने बताया कि संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। उन्होंने नागरिकों से अफवाहों से दूर रहने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। इधर, महावीरी पूजा को लेकर हर वर्ष की तरह इस बार भी नगर में विद्युत आपूर्ति अस्थायी रूप से बाधित रही, जिसे देर रात तक सुचारू किए जाने की संभावना जताई गई है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments