बक्सर । जिले के डुमरांव प्रखंड अंतर्गत चंदा गांव निवासी वार्ड सदस्य धनजी सिंह को जल संरक्षण के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित जल महोत्सव 2026 के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की उपस्थिति में प्रदान किया गया। इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में गर्व और खुशी का माहौल है।
धनजी सिंह वार्ड सदस्य होने के साथ-साथ जल-नल योजना के तहत पंप ऑपरेटर के रूप में भी कार्यरत हैं। उन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, समय पर रख-रखाव सुनिश्चित करने तथा पानी की अनावश्यक बर्बादी को रोकने के लिए लगातार प्रयास किए हैं। उनके प्रयासों के चलते गांव में जलापूर्ति व्यवस्था बेहतर बनी हुई है और पानी की बर्बादी पर काफी हद तक नियंत्रण पाया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, धनजी सिंह नियमित रूप से जलापूर्ति प्रणाली की निगरानी करते हैं। पाइपलाइन में लीकेज या तकनीकी खराबी होने पर वे तत्काल संबंधित विभाग को सूचना देकर समस्या का समाधान करवाते हैं, जिससे लोगों को समय पर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो पाता है। इसके साथ ही वे ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने का भी कार्य करते रहे हैं, जिससे गांव में पानी के महत्व को लेकर जागरूकता बढ़ी है।
बताया जाता है कि लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग ने उनके कार्यों को देखते हुए इस सम्मान के लिए उनके नाम की अनुशंसा की थी। 6 मार्च को लोक स्वास्थ्य प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता द्वारा विभाग को भेजे गए पत्र में जल संरक्षण और जलापूर्ति व्यवस्था में उनकी सक्रिय भूमिका का उल्लेख किया गया था।
नई दिल्ली में आयोजित इस कार्यक्रम में सम्मानित होने के बाद यह पल न सिर्फ धनजी सिंह बल्कि पूरे चंदा गांव और डुमरांव प्रखंड के लिए गर्व का क्षण बन गया। ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनका यह सम्मान समाज के लिए प्रेरणादायक है।
ग्रामीणों का कहना है कि धनजी सिंह की इस उपलब्धि से यह संदेश मिलता है कि ईमानदारी और समर्पण के साथ किए गए छोटे-छोटे प्रयास भी बड़े बदलाव ला सकते हैं। यह सम्मान आने वाली पीढ़ी के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगा और जल संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करेगा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments