Ad Code

बक्सर का 36वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां


बक्सर । जिले के 36वें स्थापना दिवस के अवसर पर मंगलवार (17 मार्च 2026) को कला एवं संस्कृति विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में नगर भवन बक्सर में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी साहिला, जिला परिषद अध्यक्षा सरोज देवी, उप विकास आयुक्त निहारिका छवि एवं अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन एवं केक कटिंग कर किया गया।




इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने जिलेवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बक्सर जिला निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने जिले के विकास में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, अधिवक्ताओं, मीडिया कर्मियों, व्यवसायियों, सैनिकों, खिलाड़ियों, कलाकारों सहित सभी वर्गों के योगदान की सराहना की।

उन्होंने बताया कि 17 मार्च 1991 को भोजपुर जिले से अलग होकर बक्सर का गठन हुआ था। प्राचीन काल में बक्सर को “व्याघ्रसर” एवं “सिद्धाश्रम” के नाम से भी जाना जाता था। यह महर्षि विश्वामित्र की तपोस्थली, भगवान श्रीराम की शिक्षास्थली तथा भगवान वामन की अवतार स्थली के रूप में देशभर में प्रसिद्ध है।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि बिहार सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से बक्सर जिले को विकास की नई गति मिली है और सभी की सहभागिता से जिला नई ऊंचाइयों को छू रहा है।






कार्यक्रम के दौरान समाहरणालय पार्क परिसर में जीविका दीदी, आंगनवाड़ी सेविकाओं एवं सहायिकाओं द्वारा आकर्षक रंगोली भी बनाई गई, जिसने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

स्थापना दिवस के अवसर पर नगर भवन में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में चार चांद लगा दिए। विभिन्न स्कूलों एवं कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में बारूद डांस एकेडमी, एसएस बालिका उच्च विद्यालय, राज +2 उच्च विद्यालय डुमरांव, रेडियंट पब्लिक स्कूल, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय जासो सहित कई संस्थानों के समूह नृत्य प्रस्तुत किए गए। वहीं ओमकार दुबे, सृष्टि कुमारी, मनोज मोहित सहित अन्य कलाकारों ने गायन प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। अखिलेश तिवारी ने बांसुरी वादन से माहौल को मधुर बना दिया।
समारोह का समापन उत्साह और उमंग के साथ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 




Post a Comment

0 Comments

Close Menu