Ad Code

तिवारीपुर उच्च विद्यालय की प्रबंध समिति में सौरभ तिवारी बने मानद सदस्य



बक्सर । सदर विधायक आनंद मिश्रा ने बुधवार को अपने विधानसभा क्षेत्र के सभी उच्च विद्यालयों की प्रबंध समितियों में मानद सदस्यों की घोषणा की। इसी क्रम में सदर प्रखंड के तिवारीपुर उच्च विद्यालय की प्रबंध समिति में भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष सौरभ तिवारी को मानद सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया है।

सौरभ तिवारी एक शिक्षाविद् परिवार से आते हैं। उनके दादा स्वर्गीय जोड़ी लाल तिवारी जिले के प्रबुद्ध शिक्षकों में गिने जाते थे। वे शाहाबाद माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष रहे और अपने शुरुआती दिनों में बक्सर उच्च विद्यालय में शिक्षक के रूप में सेवा दी। 




ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा की कमी, विशेषकर बालिकाओं की पढ़ाई में आने वाली कठिनाइयों को देखते हुए उन्होंने वर्ष 1958 में तिवारीपुर में एक हाई स्कूल की स्थापना की, जिसे वर्ष 1964 में बिहार सरकार द्वारा राजकीयकृत किया गया। इसके बाद उन्होंने प्रधानाध्यापक के रूप में विद्यालय को नई दिशा देने का कार्य किया और जीवनभर संस्था के विकास के लिए समर्पित रहे।

तत्कालीन विधायक स्वर्गीय जगनारायण त्रिवेदी ने उनके शिक्षा क्षेत्र में योगदान को सम्मान देते हुए समाज और परिवार के सहयोग से विद्यालय परिसर में उनकी प्रतिमा स्थापित करवाई, ताकि छात्र-छात्राएं उनके जीवन से प्रेरणा ले सकें।






मनोनीत होने के बाद सौरभ तिवारी ने कहा कि उनके दादाजी को उस समय के लोग “आधुनिक विश्वामित्र” और “शाहाबाद के मालवीय” के रूप में संबोधित करते थे। उन्होंने कहा कि उनके दादा के शिष्यों की लंबी श्रृंखला देश-विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही है।

सौरभ तिवारी ने इस मनोनयन के लिए सदर विधायक आनंद मिश्रा के प्रति आभार जताया और भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष दीपक सिंह ‘अमित’ को भी धन्यवाद दिया, जिन्होंने उनके नाम का प्रस्ताव रखा था। उन्होंने कहा कि विद्यालय की गरिमा और व्यवस्था को और बेहतर बनाना ही उनका प्रमुख लक्ष्य रहेगा।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 




Post a Comment

0 Comments

Close Menu