बक्सर । भोजपुरी साहित्य मण्डल, बक्सर के बैनर तले डॉ. रामरक्षा मिश्र ‘विमल’ द्वारा संपादित भोजपुरी पत्रिका ‘सँझवत’ का लोकार्पण समारोहपूर्वक सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर ‘सँझवत पर बतकही’ विषयक एक साहित्य गोष्ठी का भी आयोजन किया गया, जिसमें भोजपुरी भाषा एवं साहित्य के विद्वानों, कवियों और साहित्यकारों ने अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भोजपुरी साहित्य मण्डल, बक्सर के अध्यक्ष प्रो. अरुण मोहन भारवि ने कहा कि ‘सँझवत’ भोजपुरी की ऐसी पत्रिका है, जो निरंतर भोजपुरी साहित्य को समृद्ध कर रही है। यह नवलेखन को जन्म दे रही है और भोजपुरी के भविष्य की दिशा तय करने वाली एक महत्वपूर्ण पत्रिका है।
मंच का संचालन भोजपुरी साहित्य मण्डल के महासचिव डॉ. वैरागी प्रभाष चतुर्वेदी ने किया। उन्होंने कहा कि ‘सँझवत’ भोजपुरी की सतत प्रकाशित होने वाली पत्रिका है, जो भोजपुरी साहित्य के बहुमुखी विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। अपने सशक्त संपादन और गंभीर लेखन के कारण यह वर्तमान समय में भोजपुरी की एक महत्वपूर्ण साहित्यिक पत्रिका बन चुकी है।
पत्रिका के संपादक डॉ. रामरक्षा मिश्र ‘विमल’ ने पत्रिका के निरंतर प्रकाशन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि वे भोजपुरी भाषा और साहित्य की सेवा के लिए संकल्पित हैं।
गोष्ठी में अपने विचार रखते हुए डॉ. विष्णुदेव तिवारी ने कहा कि साहित्य प्राणीमात्र की संवेदना के विकास का माध्यम है। शिवबहादुर पाण्डेय ‘प्रीतम’ ने ‘सँझवत’ को भाषा के सुधार और विकास की पत्रिका बताया। कार्यक्रम के अंत में श्री गणेश उपाध्याय ने आभार ज्ञापन करते हुए भोजपुरी साहित्य के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। धन्नुलाल प्रेमातुर, भगवान पाण्डेय, उमेश कुमार पाठक ‘रवि’ एवं संजय गुप्त ‘सागर’ ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर भोजपुरी साहित्य मण्डल के संरक्षक गणेश उपाध्याय, कवि धन्नुलाल प्रेमातुर, रामेश्वर मिश्र ‘विहान’, मनोज चौबे, राजरमन पाण्डेय, धनंजय गुड़ाकेस, राकेश कुमार, कौशल शर्मा, उमेश पाठक ‘रवि’, बृजेश कुमार शर्मा, रमेंद्र मिश्र, शशि भूषण मिश्र, फारुख सैफी सहित अनेक साहित्यकार एवं साहित्य प्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम साहित्यिक सौहार्द और भोजपुरी भाषा के प्रति समर्पण के भाव के साथ सम्पन्न हुआ।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments