Ad Code

सरकारी बाबू की अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने शहर में मचाया तांडव, ई रिक्शा को कुचला, घर की दीवार तोड़ी,दो घायलों की स्थिति गंभीर


बक्सर । नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बाजार समिति रोड स्थित नेहरू स्मारक विद्यालय के समीप मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने पहले एक ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी, फिर आगे बढ़ते हुए एक घर की बाउंड्रीवाल से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि घर की दीवार ढह गई और स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।




हादसे में ई-रिक्शा चालक और उसमें सवार एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सदर अस्पताल बक्सर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो जिला प्रशासन की वाहन प्रतीत हो रही है। वाहन के आगे “राज्य कर संयुक्त आयुक्त, वाणिज्य कर विभाग, बक्सर अंचल, बिहार सरकार” का बोर्ड लगा हुआ है। स्कॉर्पियो का रजिस्ट्रेशन नंबर BR44P8196 बताया जा रहा है। वाहन के अंदर से एक पहचान पत्र भी बरामद हुआ है, जिस पर चालक का नाम अभिषेक कुमार अंकित है।


जिस घर की दीवार क्षतिग्रस्त हुई है, वह शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायी दीपक पांडेय का बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्कॉर्पियो की टक्कर से उनकी बाउंड्रीवाल पूरी तरह ढह गई है और इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

सूचना मिलने पर नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल किसी की मौत की पुष्टि नहीं हुई है। स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 


Post a Comment

0 Comments

Close Menu