बक्सर । जिले के सिमरी प्रखंड क्षेत्र के दुल्लहपुर गांव की रहने वाली शालू सिंह ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) द्वारा आयोजित यूजीसी नेट जेआरएफ 2026 की परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए जेआरएफ के लिए क्वालीफाई किया है। उन्होंने 99.5 पर्सेंटाइल अंक प्राप्त कर यह उपलब्धि हासिल की है, जिसे शैक्षणिक क्षेत्र की बड़ी सफलता माना जा रहा है। उनकी इस सफलता पर माता-पिता, ग्रामवासी, शिक्षक एवं जिले के प्रबुद्ध जनों में हर्ष का माहौल है और सभी ने जिले की बेटी पर गर्व व्यक्त किया है।
दुल्लहपुर गांव निवासी ओमप्रकाश सिंह एवं सविता देवी की पुत्री शालू सिंह की प्रारंभिक शिक्षा बाल विकास केंद्र हीतन पड़री से हुई। इसके बाद उन्होंने इंटरमीडिएट (कॉमर्स) की पढ़ाई राज +2 उच्च विद्यालय, डुमरांव से की, जहां वे जिला टॉपर भी रहीं। आगे उन्होंने बीकॉम पटना वीमेन्स कॉलेज से, एमकॉम धीरेन्द्र महिला महाविद्यालय, वाराणसी से किया और वर्तमान में वर्ष 2024 से इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पीएचडी कर रही हैं।
शालू सिंह ‘ट्रेसिंग एथिक्स ऑफ इंडियन प्रैक्टिसेज: फ्रॉम एंशियंट टेक्स्ट्स टू मॉडर्न कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी’ विषय पर शोध कर रही हैं। गौरतलब है कि यूजीसी द्वारा आयोजित नेट परीक्षा पीएचडी के लिए राष्ट्रीय स्तर की पात्रता परीक्षा है, जबकि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अभ्यर्थियों को जेआरएफ प्रदान किया जाता है, जिसके तहत मासिक छात्रवृत्ति भी दी जाती है।
अपनी सफलता पर शालू ने कहा कि यह उपलब्धि ग्रामीण परिवेश में रहकर पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों की भी सफलता है। उन्होंने इसका श्रेय अपने दादा-दादी, माता-पिता और गुरुजनों को दिया। उनके पिता ओमप्रकाश सिंह डुमरांव के जाने-माने व्यवसायी हैं।
इस अवसर पर उनके गुरु सतीश चंद्र त्रिपाठी, राज +2 उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक अनुराग मिश्रा, शिक्षक विमल कुमार सिंह, डॉ. अभय कुमार पाण्डेय, अंकेश कुमार, अजय कुमार चौबे, डाइट डुमरांव के प्राचार्य विवेक कुमार मौर्य, सहायक प्राचार्य नवनीत कुमार सिंह, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी डुमरांव सुधांशु कुमार, महाजनी मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक शैलेंद्र पाण्डेय, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन, साहित्यकार विष्णुदेव तिवारी सहित अनेक बुद्धिजीवियों ने शालू सिंह को इस सफलता के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments