बक्सर । जिला क्रिकेट संघ की वार्षिक आम सभा (AGM) शनिवार को बक्सर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ की अध्यक्ष वर्षा पांडेय ने की। आम सभा में जिले में क्रिकेट गतिविधियों को पुनः सक्रिय करने, संघ के प्रशासनिक ढांचे को सुदृढ़ बनाने तथा प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में संघ के उपाध्यक्ष विकाश रंजन ओझा, सचिव आनंद कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष अक्षय सिंह सहित संघ से संबद्ध विभिन्न क्लबों के पदाधिकारी, प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे।
आम सभा में विभिन्न क्लबों का प्रतिनिधित्व करते हुए विनय कुमार सिंह, राजकुमार सिंह, दीपक अग्रवाल, सौरभ तिवारी, लक्ष्मण प्रसाद, दुर्गेश कुमार, सुमित यादव, शुभम कुमार सिंह, राजीव नयन चौबे, अखिलेश उपाध्याय एवं आदित्य उपाध्याय मुख्य रूप से मौजूद रहे।
AGM में यह निर्णय लिया गया कि नए सत्र 2025–26 के लिए संघ से संबद्ध सभी क्लबों का पुनः पंजीकरण अनिवार्य होगा। साथ ही नए इच्छुक क्लबों को भी पंजीकरण का अवसर दिया जाएगा। क्लब पंजीकरण फॉर्म संघ के सचिव के आवासीय कार्यालय, रामबाग, पी.पी. रोड, बक्सर से 7 फरवरी से 10 फरवरी 2026 तक प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से सायं 5 बजे तक प्राप्त किए जा सकेंगे। भरे हुए पंजीकरण फॉर्म 12 फरवरी 2026 तक संघ कार्यालय में जमा करना अनिवार्य होगा। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त फॉर्म मान्य नहीं होंगे।
बैठक में यह भी तय किया गया कि क्लब रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद फरवरी 2026 के दूसरे पखवाड़े से जिले में जिला स्तरीय क्रिकेट लीग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। लीग प्रतियोगिताएं अंडर-16, अंडर-19, अंडर-23 एवं सीनियर (ओपन) वर्ग में आयोजित होंगी। लीग के माध्यम से खिलाड़ियों का चयन पूरी तरह प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा तथा चयनित खिलाड़ियों की सूची बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) को भेजी जाएगी।
आम सभा को संबोधित करते हुए संघ की अध्यक्ष वर्षा पांडेय ने कहा कि संघ का उद्देश्य जिले के प्रत्येक क्रिकेट खिलाड़ी को पारदर्शी व्यवस्था एवं समान अवसर प्रदान करना है। वहीं संघ के सचिव आनंद कुमार सिंह ने सभी क्लबों, खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास से बक्सर का क्रिकेट राज्य स्तर पर नई पहचान बनाएगा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments