बक्सर । बक्सर जिले के सदर अस्पताल में इलाज के दौरान एक महिला की मौत के बाद परिजनों ने डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सासाराम–बक्सर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। देर रात हुई इस घटना से अस्पताल परिसर और आसपास का इलाका तनावपूर्ण हो गया। आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल के स्ट्रेचर, पास की दुकानों के बेंच और अन्य सामान सड़क पर रखकर मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया और वहीं धरने पर बैठ गए।
सड़क जाम कर रहे मृतका के पति राजपुर थाना क्षेत्र के तियरा गांव निवासी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार देर रात करीब 11 बजे उनकी पत्नी देवंती देवी (उम्र 27 वर्ष) को अचानक उल्टी और लगातार दस्त होने लगे। हालत बिगड़ने पर वे उन्हें लेकर सदर अस्पताल पहुंचे। इमरजेंसी में मौजूद डॉक्टर सरस्वती चंद्र मिश्रा ने प्राथमिक जांच के बाद पर्ची लिखकर सहयोगी स्टाफ को दे दी।
राजेश सिंह के अनुसार, पर्ची के अनुसार स्टाफ द्वारा एक इंजेक्शन लगाया गया, कुछ देर बाद दूसरा इंजेक्शन भी दिया गया। इसके बाद उनकी पत्नी की तबीयत और ज्यादा खराब हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद डॉक्टर ने दोबारा ठीक से जांच नहीं की और मरीज को कहीं और ले जाने की सलाह दे दी। इसी दौरान उनकी पत्नी की मौत हो गई।
मृतका के पति ने भावुक होकर कहा कि उनके तीन छोटे बच्चे हैं और पत्नी की मौत पूरी तरह डॉक्टरों की लापरवाही का परिणाम है। उनका कहना है कि अगर समय पर सही इलाज किया जाता तो उनकी पत्नी की जान बच सकती थी। घटना के बाद परिजन आक्रोशित हो उठे और अस्पताल के सामने मुख्य सड़क को जाम कर दिया।
परिजनों ने साफ कहा कि जब तक दोषी डॉक्टरों पर कार्रवाई नहीं होती, वे सड़क से नहीं हटेंगे। आक्रोश की स्थिति को देखते हुए संबंधित डॉक्टर फिलहाल अस्पताल से निकल गए हैं।
सूचना मिलने पर नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। नगर थाना अध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि परिजनों से बातचीत कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का आग्रह किया गया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों की जांच हो सके। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल सड़क जाम के कारण सासाराम–बक्सर मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित है, जिससे राहगीरों और मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने और जल्द से जल्द मार्ग बहाल कराने के प्रयास में जुटा हुआ है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...














0 Comments