बक्सर । जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रोहिणी भान के समीप चौसा–मोहनिया स्टेट हाइवे पर मंगलवार देर शाम दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे के बाद घटनास्थल से लेकर सदर अस्पताल तक अफरातफरी का माहौल बना रहा।
मिली जानकारी के अनुसार, रोहिणी भान के पास स्टेट हाइवे पर एक बस को ओवरटेक करने के दौरान दो मोटरसाइकिलें आपस में टकरा गईं। एक बाइक पर तीन युवक सवार थे, जबकि दूसरी बाइक पर दो युवक थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो युवक करीब 15 फीट तक हवा में उछल गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक ने अस्पताल ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस द्वारा सदर अस्पताल बक्सर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, पुलिस ने घटनास्थल से दो शवों को कब्जे में लेकर पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
एक मृतक की हुई पहचान
हादसे में मृतक की पहचान बनारपुर निवासी सूर्यदेव कुमार (पिता सुभाष पहलवान) के रूप में हुई है। बताया गया कि सूर्यदेव पटना में रहकर पढ़ाई कर रहा था और फरवरी महीने में उसकी शादी होने वाली थी। अचानक हुई इस दुर्घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
घायलों की पहचान
राजपुर थाना प्रभारी निवास कुमार ने बताया कि इस सड़क दुर्घटना में कुल तीन युवकों की मौत हुई है, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों की पहचान रितेश सिंह (पिता वंशी सिंह) और रूपेश सिंह (पिता नंदकिशोर सिंह), दोनों बनारपुर निवासी के रूप में हुई है। ये दोनों अपाची मोटरसाइकिल से मोहनिया की ओर जा रहे थे। थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल दो मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...














0 Comments