बक्सर । डुमरांव नगर के वार्ड संख्या 24 अंतर्गत झगरू लोहार की गली में बुधवार की शाम एक अवैध पटाखा निर्माण इकाई में अचानक विस्फोट हो गया। इस हादसे में एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। आनन-फानन में उसे डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन घायल को बेहतर इलाज के लिए पटना ले गए। घटना बुधवार की शाम करीब पौने चार बजे की बताई जा रही है। जख्मी की पहचान 40 वर्षीय मुख्तार रंगरेजा, पिता सुल्तान रंगरेजा के रूप में हुई है।
विस्फोट की सूचना मिलते ही डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। विस्फोटक पदार्थों की जांच के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। हालांकि, घटना के बाद घायल को लेकर परिजन इलाज के लिए चले गए, जिससे उनका बयान तत्काल दर्ज नहीं हो सका। वहीं, आसपास के लोगों का कहना है कि पटाखा निर्माण के दौरान ही अचानक विस्फोट हुआ।
चार दशक से चल रहा था अवैध कारोबार:
स्थानीय लोगों के अनुसार मुख्तार रंगरेजा का पटाखा निर्माण पुश्तैनी धंधा बताया जा रहा है, जो पिछले चार दशक से अधिक समय से अपने घर में विभिन्न प्रकार के पटाखे बनाकर उनकी बिक्री करता था। आश्चर्य की बात यह है कि इतने लंबे समय से चल रहे इस अवैध कारोबार की जानकारी पुलिस को पहले नहीं मिल पाई थी।
बताया जा रहा है कि जहां यह घटना हुई, वह क्षेत्र घनी आबादी वाला रिहायशी इलाका और पुरानी बस्ती है। ऐसे में इस तरह के खतरनाक अवैध कार्य का संचालन होना गंभीर चिंता और कई सवाल खड़े करता है।
इस संबंध में डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि एफएसएल टीम को बुलाया गया है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...














0 Comments