Ad Code

शादी से पहले कोहराम: एनएच-922 पर भीषण हादसे में SSB जवान समेत दो सगे भाई व दो बुआ सहित चार की दर्दनाक मौत


बक्सर । रविवार की अहले सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग 922 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। यह भीषण दुर्घटना नया भोजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दलसागर टोल प्लाजा से पहले चंदा गांव के समीप घने कोहरे के कारण हुई, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए।




हादसे में कृष्णब्रह्म थाना क्षेत्र के किसागर गांव निवासी SSB जवान ओमकार पांडेय, उनके छोटे भाई सुजीत पांडेय तथा उनकी दो सगी बुआ गिरिजा देवी (नेनुआ) और मंजू देवी (भरखर) की मौत हो गई। बताया गया कि ओमकार पांडेय की बहन की शादी बभनी गांव में तय थी। सोमवार, 2 फरवरी को तिलक जाना था और 6 फरवरी को बारात आने वाली थी। शादी की तैयारियों के बीच रविवार सुबह चारों लोग गंगा स्नान करने और शादी का निमंत्रण पत्र गंगा जी को अर्पित करने के लिए निकले थे, तभी यह हादसा हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय समाजसेवी कृष्णा शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि सुजीत पांडेय की सांस चल रही थी। पुलिस की मदद से उन्हें बाहर निकालकर सदर अस्पताल बक्सर भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।






इस हादसे से पूरे गांव में मातम पसर गया है। जिस घर में शादी की शहनाई बजने वाली थी, वहां एक साथ चार शव उठे। ओमकार पांडेय के तीन बेटियां और एक बेटा हैं, वहीं सुजीत पांडेय की भी शादी हो चुकी थी। घर की दो बहुएं एक साथ विधवा हो गईं, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

समाजसेवी कृष्णा शर्मा ने जिला प्रशासन से घटना की विधिवत जांच कराने और पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता देने की मांग की है। साथ ही उन्होंने कोहरे और सड़क जाम को हादसे का कारण बताते हुए एनएच पर वन-वे व्यवस्था को सख्ती से लागू कराने की भी अपील की है, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 




Post a Comment

0 Comments

Close Menu