बक्सर । मलई बराज पर प्रस्तावित नए पम्प हाउस के निर्माण स्थल का शुक्रवार को बक्सर के सांसद सुधाकर सिंह ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों से परियोजना की प्रगति, तकनीकी पहलुओं एवं निर्धारित समय-सीमा को लेकर विस्तृत जानकारी प्राप्त की। सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से निर्माण कार्य पूरा किया जाए।
निरीक्षण के दौरान सांसद सुधाकर सिंह ने कहा कि यह पम्प हाउस परियोजना क्षेत्र के किसानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। आशा है कि यह बहुप्रतीक्षित योजना आगामी दो वित्तीय वर्षों के भीतर पूर्ण हो जाएगी। इसके पूरा होने से सिंचाई की सुविधा सुदृढ़ होगी और किसानों को खेती के लिए पानी की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी।
बताया गया कि यह परियोजना दावथ, नावानगर, डुमरांव, केसठ, चौंगाई एवं ब्रह्मपुर प्रखंड के किसानों की वर्षों पुरानी मांग रही है। इन क्षेत्रों में सिंचाई के सीमित साधनों के कारण किसानों को फसलों की पैदावार में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब पम्प हाउस के निर्माण से हजारों हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होने की उम्मीद है।
सांसद ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है और केंद्र व राज्य सरकार के सहयोग से क्षेत्र के विकास कार्यों को निरंतर गति दी जा रही है। इस परियोजना के धरातल पर उतरने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments