बक्सर । बिहार पुलिस के नालंदा जिला बल में कार्यरत महिला सिपाही पंचरत्ना कुमारी (बैच 14–15) ने अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर पूरे देश और बिहार को गौरवान्वित किया है। नेपाल के ऐतिहासिक नगर लुंबिनी में आयोजित साउथ एशिया कॉम्बैट कुश्ती चैंपियनशिप 2026 में उन्होंने 75 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में साउथ एशिया के आठ देशों की महिला पहलवानों ने भाग लिया। कठिन और रोमांचक मुकाबलों के दौरान पंचरत्ना कुमारी ने अपनी तकनीकी दक्षता, शारीरिक क्षमता, अनुशासन और अदम्य साहस का परिचय देते हुए सभी प्रतिद्वंद्वियों को पराजित किया। फाइनल मुकाबले में निर्णायक जीत दर्ज कर उन्होंने स्वर्ण पदक हासिल किया।
समापन समारोह में नेपाल सरकार के खेल मंत्री माननीय संतोष पांडे ने पंचरत्ना कुमारी को स्वर्ण पदक प्रदान किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विभिन्न देशों के खेल पदाधिकारी, प्रशिक्षक और खिलाड़ी भी उपस्थित रहे।
इस उपलब्धि पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पूर्व जिला पार्षद डॉ. मनोज कुमार यादव ने कहा कि पंचरत्ना कुमारी ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन से यह सिद्ध कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियाँ भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का परचम लहरा सकती हैं। यह सफलता न केवल बिहार पुलिस बल्कि पूरे बिहार के लिए गर्व की बात है और आने वाली पीढ़ियों को खेल एवं राष्ट्र सेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।
वहीं चौसा नगर पंचायत की मुख्य पार्षद श्रीमती किरण देवी ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि साधारण परिवार से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर स्वर्ण पदक जीतना अत्यंत सराहनीय है। पंचरत्ना कुमारी ने यह साबित कर दिया है कि बेटियाँ किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। उनकी सफलता से जिले और राज्य की बेटियों को नई प्रेरणा मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि पंचरत्ना कुमारी ग्राम तियारा, पोस्ट मनोहरपुर, थाना राजपुर, जिला बक्सर (बिहार) की निवासी हैं। उनके पिता श्री राधेश्याम प्रसाद पेशे से मजदूर हैं, जबकि माता श्रीमती सरस्वती बौद्ध गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास के बल पर उन्होंने यह अंतरराष्ट्रीय मुकाम हासिल किया है।
उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बुद्धिजीवी विकास मंच के संयोजक प्रोफेसर रमेश चंद्र श्रीवास्तव, रामाशीष कुशवाहा, वार्ड पार्षद चंदन चौधरी, विनोद कुमार यादव, जीतेंद्र यादव, शमीम साईं, भुवर राइन, भरत पांडेय, विजय राम, दिलबहार चौधरी सहित अनेक गणमान्य लोगों ने बधाई और शुभकामनाएं दीं।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...














0 Comments