बक्सर । केंद्रीय बजट को लेकर बक्सर से राजद सांसद सुधाकर सिंह ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह कोई संयोग नहीं है कि इस बजट में बिहार का नाम तक नहीं लिया गया। जब-जब चुनाव आते हैं, तब बिहार याद आता है और जैसे ही चुनाव समाप्त होते हैं, बिहार को पूरी तरह भुला दिया जाता है।
सांसद ने कहा कि बजट में पांच लाख से अधिक आबादी वाले शहरों के विकास की बात की गई, लेकिन देश की रीढ़ माने जाने वाले गांवों के लिए एक शब्द भी नहीं है। बिहार के अधिकांश जिला मुख्यालय पांच लाख से कम आबादी वाले हैं, ऐसे में इस नीति से बिहार को कोई लाभ नहीं मिलने वाला।
रेलवे को लेकर भी उन्होंने सरकार पर उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बिहार के लोग आज भी ट्रेनों में लटककर यात्रा करने को मजबूर हैं। प्लेटफॉर्म पर भीड़, जनरल डिब्बों की बदहाली और महीनों पहले आरक्षण कराने के बाद भी टिकट कंफर्म न होना आम बात है। इसके बावजूद बजट में बिहार के लिए न नई ट्रेनों का जिक्र है, न रूट विस्तार का। समपार फाटकों पर घंटों लगने वाले जाम का भी कोई समाधान नहीं दिखता।
स्वास्थ्य व्यवस्था पर बोलते हुए सुधाकर सिंह ने कहा कि कैंसर की दवाइयों को सस्ता करने के वादे हर साल किए जाते हैं, लेकिन हकीकत यह है कि इलाज आज भी आम आदमी की पहुंच से बाहर है। बिहार में एक भी कैंसर सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल नहीं है, जिससे मरीजों को इलाज के लिए मुंबई जैसे शहरों का रुख करना पड़ता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार स्वास्थ्य और शिक्षा दोनों क्षेत्रों को निजी हाथों में सौंपने की तैयारी कर रही है। निजीकरण का सीधा मतलब है इलाज और शिक्षा को मुनाफे का धंधा बनाना, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के लिए हालात और मुश्किल हो जाएंगे।
बुद्ध सर्किट, मेडिकल टूरिज्म, गर्ल्स हॉस्टल, नारियल किसानों और आंतरिक यात्रा को लेकर की गई घोषणाओं को भी सांसद ने “घोषणाओं तक सीमित” बताया। उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर केवल चुनिंदा राज्यों को लाभ पहुंचाया जा रहा है, जबकि बिहार जैसे पिछड़े राज्यों को फिर नजरअंदाज किया गया है।
अंत में सांसद सुधाकर सिंह ने कहा कि यह बजट आम आदमी, किसान, मजदूर, छात्र और गरीबों के लिए नहीं, बल्कि पूंजीपतियों और चुनावी गणित के लिए बनाया गया है। बिहार को एक बार फिर यह एहसास करा दिया गया है— “आप वोट दीजिए, लेकिन उम्मीद मत कीजिए।”
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments