Ad Code

पत्रकारों को नियंत्रित करने की कोशिश करने वाले बक्सर डीपीआरओ पद से हटाए गए, माफी भी मांगी !


बक्सर । जिले में पत्रकारों की स्वतंत्रता को लेकर उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब जिला जनसंपर्क पदाधिकारी (डीपीआरओ) की ओर से कथित तौर पर पत्रकारों को जिला प्रशासन के पक्ष में खबरें प्रकाशित करने संबंधी निर्देश जारी किए गए। आरोप है कि डीपीआरओ ने एक व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से प्रेस रिलीज जारी कर जिले के सभी पत्रकारों से यह अपेक्षा जताई थी कि वे जिला प्रशासन के विरुद्ध कोई खबर न लिखें, न ही वीडियो बनाएं तथा किसी भी समाचार के प्रकाशन या प्रसारण से पूर्व प्रशासनिक पक्ष जानने के लिए फोन कर अधिकृत बाइट लें।



इस कथित निर्देश के सामने आते ही जिले के पत्रकारों में आक्रोश फैल गया। पत्रकारों ने इसे प्रेस की स्वतंत्रता पर सीधा हस्तक्षेप बताते हुए विरोध जताया। बक्सर, डुमरांव सहित विभिन्न पत्रकार संगठनों में इस मुद्दे को लेकर बैठकें होने लगीं और विरोध प्रदर्शन की योजनाएं तैयार की जाने लगीं। मामला बढ़ता देख इसकी सूचना जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों तक पहुंची।

विवाद गहराने के बाद डीपीआरओ अमित कुमार ने उसी व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से सफाई देते हुए माफी मांगी। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि उनका आशय प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकारों से नहीं था, बल्कि यह निर्देश केवल यूट्यूबर्स और सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर्स के लिए जारी किया गया था। 



डीपीआरओ ने यह भी स्वीकार किया कि उनके बयान से यदि किसी पत्रकार की भावना आहत हुई है तो उसके लिए वह खेद प्रकट करते हैं। 

हालांकि माफी के बाद भी पत्रकार संगठनों का विरोध थमा नहीं। उनका कहना है कि किसी भी रूप में मीडिया को निर्देश देना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और ऐसे अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। इसी बीच डीपीआरओ को उनके पद से हटा दिया गया। डीएम साहिला द्वारा जारी आदेश संख्या 32/2026 के माध्यम से यह जानकारी साझा की गई है अमित कुमार को डीपीआरओ पद से हटा दिया गया है। अब वरीय उप समाहर्ता आलोक वत्स डीपीआरओ के प्रभार के रूप में कार्य करेंगे।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 


Post a Comment

0 Comments

Close Menu