बक्सर । पिछले 12 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय बक्सर नगर के नेहरू नगर निवासी एवं महाराणा फाउंडेशन के सचिव योगेंद्र सिंह की पुत्री स्वर्गीय शिक्षिका अंशु कुमारी का निधन बीते 22 जनवरी को सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद पटना के पारस हॉस्पिटल में इलाज के दौरान हो गया। उनके असामयिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
स्व. अंशु कुमारी का श्राद्धकर्म 5 फरवरी को उनके ससुराल वैसेग्राम–फ़फ़दर (थाना–मुरार, प्रखंड–चौगाई) में संपन्न होगा। इसकी जानकारी महाराणा फाउंडेशन के संरक्षक सह मां शिवरात्रि हॉस्पिटल के निदेशक एवं प्रसिद्ध दंत चिकित्सक डॉ. आशुतोष सिंह ने दी। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर दिवंगत बेटी की आत्मा की शांति के लिए श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की है।
डॉ. आशुतोष सिंह ने बताया कि योगेंद्र सिंह के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। कुछ समय पूर्व नेशनल हाईवे-922 पर पड़री मोड़ के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से योगेंद्र सिंह स्वयं गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिसमें उनका पैर क्षतिग्रस्त हो गया और वे वर्तमान में बेडरेस्ट पर हैं। इसी दौरान उन्हें देखने अस्पताल जा रही उनकी पुत्री अंशु कुमारी भी सड़क हादसे की शिकार हो गईं, जिससे उनका दुखद निधन हो गया।
डॉ. आशुतोष सिंह ने स्व. अंशु कुमारी के शैक्षणिक और सामाजिक योगदान को याद करते हुए बताया कि उनकी प्रारंभिक शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय, नवानगर से हुई, जहां वे एक अत्यंत प्रतिभाशाली छात्रा के रूप में जानी जाती थीं। वर्ष 2008 में 12वीं उत्तीर्ण करने के बाद उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज से इतिहास में स्नातक की डिग्री प्राप्त की। वर्ष 2013 में वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय से एम.ए. की परीक्षा में उन्होंने सिल्वर मेडल हासिल किया, जिसके लिए तत्कालीन राज्यपाल एवं पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया था।
स्व. अंशु कुमारी ने 2013 की टीआरई परीक्षा उत्तीर्ण कर 2014 में मध्य विद्यालय, डेढ़गांव से शिक्षक के रूप में अपनी सेवा शुरू की। हाल ही में वे पीएम श्री विद्यालय, डेढ़गांव हाई स्कूल में भी अपनी सेवाएं दे रही थीं।
उनका विवाह वर्ष 2019 में वैसेग्राम निवासी सुजींद्र सिंह के पुत्र चंदन निराला से हुआ था, जो वर्तमान में बेंगलुरु में सीनियर डेटा एनालिस्ट के पद पर कार्यरत हैं। स्व. अंशु कुमारी अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं, जिसमें उनका पांच वर्षीय पुत्र विवान निराला, माता राज देवी, पिता योगेंद्र सिंह (समाजसेवी), भाई आदर्श सिंह (वैज्ञानिक, क्वींस कॉलेज, कनाडा), अनमोल सिंह तथा बहन आकांक्षा सिंह शामिल हैं। उनके निधन से शिक्षा जगत और सामाजिक क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments