Ad Code

डुमराँव के विकास को रफ्तार, दानापुर डीआरएम से मिले विधायक राहुल सिंह, तीन आरओबी निर्माण की प्रक्रिया जल्द


बक्सर । डुमराँव स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार एवं क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित रेलवे परियोजनाओं को लेकर डुमराँव के जदयू विधायक राहुल सिंह ने दानापुर मंडल के डीआरएम विनोद कुमार से मुलाकात की। इस अवसर पर विधायक ने एक ज्ञापन सौंपते हुए डुमराँव रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं में बढ़ोतरी के साथ-साथ पूर्वी रेलवे फाटक, पश्चिमी रेलवे फाटक तथा न्यू बायपास सड़क के लिए तीन अलग-अलग आरओबी (रेलवे ओवरब्रिज) के निर्माण कार्य की प्रक्रिया शीघ्र शुरू कराने की मांग रखी।



विधायक राहुल सिंह ने डीआरएम को बताया कि डुमराँव स्टेशन पर प्रतिदिन हजारों यात्रियों का आवागमन होता है, लेकिन मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। वहीं पूर्वी व पश्चिमी रेलवे फाटकों पर आए दिन लगने वाले जाम से आम नागरिकों, स्कूली बच्चों, मरीजों एवं व्यापारियों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। तीनों स्थानों पर आरओबी का निर्माण होने से यातायात सुचारु होगा और दुर्घटनाओं में भी उल्लेखनीय कमी आएगी।


डीआरएम विनोद कुमार ने विधायक की मांगों को गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि अमृत भारत योजना के तहत डुमराँव रेलवे स्टेशन के विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है तथा जून माह तक संबंधित प्रक्रियाएं पूरी कर ली जाएंगी। साथ ही तीसरे आरओबी सहित अन्य प्रस्तावित कार्यों की प्रक्रिया भी शीघ्र शुरू की जाएगी। विधायक ने टुडीगंज रेलवे स्टेशन के विकास एवं सुविधाओं में बढ़ोतरी की मांग भी रखी। इस आश्वासन के बाद क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है और लोगों ने विधायक के प्रयासों की सराहना की है।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 


Post a Comment

0 Comments

Close Menu