बक्सर । रेलवे सुरक्षा बल (RPF) बक्सर पोस्ट में तैनात उप निरीक्षक दिनेश चौधरी के सेवानिवृत्त होने के उपरांत सोमवार की संध्या स्टेशन परिसर में विदाई सह सम्मान समारोह एवं मैत्री भोज का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में जिले के प्रशासनिक, पुलिस, रेलवे, राजनीतिक, सामाजिक एवं मीडिया जगत से जुड़े कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बक्सर सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय जबकि विशिष्ट अतिथि आरा RPF प्रभारी दीपक सिंह रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता बक्सर RPF प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह ने की। मौके पर दानापुर रेलवे डिवीजनल मेडिकल ऑफिसर डॉ. हरिओम पाठक, जीआरपी थानाध्यक्ष विकास कुमार, रेल यात्री कल्याण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुधीर सिंह, जदयू के प्रदेश नेता संजय सिंह, प्रभात खबर के ब्यूरो चीफ मृत्युंजय सिंह, दैनिक जागरण के ब्यूरो चीफ शुभ नारायण पाठक,सन्मार्ग ब्यूरो चीफ राज कुमार ठाकुर, प्रतिष्ठित व्यवसायी अजय मानसिंहका, समाजसेवी मिक्की पांडेय, भाजपा नेता राहुल दुबे, स्टेशन मास्टर, सेक्शन अधिकारी, रेलवे यूनियन के पदाधिकारी, रेलकर्मी एवं बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय ने सेवानिवृत्त उप निरीक्षक दिनेश चौधरी को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। वहीं बक्सर RPF प्रभारी कुंदन सिंह ने अंगवस्त्र, फूलमाला एवं उपयोगी सामग्री भेंट कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। आरा RPF प्रभारी दीपक सिंह ने भी अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं उपहार प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसके अलावा अन्य अतिथियों ने भी अंगवस्त्र, फूलमाला व उपहार भेंट कर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय ने कहा कि दिनेश चौधरी जैसे ईमानदार और अनुशासित अधिकारी किसी भी विभाग की पूंजी होते हैं। उन्होंने अपने लंबे सेवाकाल में कर्तव्यनिष्ठा और मानवता का परिचय देते हुए विभाग की गरिमा बढ़ाई है।
वहीं बक्सर RPF प्रभारी कुंदन सिंह ने कहा कि उप निरीक्षक दिनेश चौधरी ने 36 वर्षों की सेवा में कभी दाग नहीं लगने दिया और सदैव जवानों व आम जनता के लिए प्रेरणास्रोत बने रहे।
आरा RPF निरीक्षक दीपक सिंह ने कहा कि दिनेश चौधरी का कार्यकाल उत्कृष्ट सेवाओं, अनुशासन और समर्पण का उदाहरण है, जिसे आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी।
कार्यक्रम के सफल संचालन एवं व्यवस्थाओं में RPF उप निरीक्षक बिजेंद्र मुवाल की भूमिका सराहनीय रही, जिसकी सभी ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
गौरतलब है कि बक्सर में तैनाती के दौरान उप निरीक्षक दिनेश चौधरी को उनकी 36 वर्षों की निष्ठापूर्ण, बेदाग और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए भारतीय पुलिस पदक (IPM) से सम्मानित किया गया था। यह सम्मान उन्हें वर्ष 2025 में गुजरात के वलसाड में आयोजित RPF रेजिंग डे समारोह में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा प्रदान किया गया था। इस अवसर पर उन्हें राष्ट्रपति द्वारा प्रदत्त भारतीय पुलिस पदक एवं प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया गया था, जो बक्सर के लिए गौरव का क्षण रहा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments