बक्सर । बीते सप्ताह बक्सर में स्कॉर्पियो और ई-रिक्शा की भीषण टक्कर में गंभीर रूप से घायल हुए ई-रिक्शा चालक दीपक कुमार की हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें बनारस रेफर किया, लेकिन वहां अस्पतालों में आईसीयू बेड न मिलने के कारण परिजन दर-दर भटकने को मजबूर हो गए। आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव से जूझ रहे परिवार के लिए हालात बेहद निराशाजनक हो चुके थे।
परिजनों के अनुसार आईसीयू बेड के लिए उन्होंने जिले के जनप्रतिनिधियों से लेकर सांसद स्तर तक कई जगह गुहार लगाई, लेकिन कहीं से कोई ठोस मदद नहीं मिल सकी। समय बीतने के साथ दीपक कुमार की हालत और बिगड़ती जा रही थी, जिससे परिवार में चिंता और भय का माहौल गहराता जा रहा था।
इसी कठिन घड़ी में डुमरांव विधायक राहुल कुमार सिंह पीड़ित परिवार के लिए उम्मीद की किरण बनकर सामने आए। जैसे ही उन्हें मामले की जानकारी मिली, उन्होंने तत्काल अपने स्तर से पहल करते हुए बनारस के अस्पताल प्रशासन से संपर्क साधा और गंभीर स्थिति को देखते हुए आईसीयू बेड उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज कराई। विधायक के अथक प्रयासों का ही परिणाम रहा कि रविवार की रात करीब 10 बजे दीपक कुमार को आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया।
आईसीयू बेड मिलते ही परिजनों ने राहत की सांस ली और विधायक राहुल कुमार सिंह के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। परिजनों ने कहा कि जब हर दरवाजा बंद नजर आ रहा था, तब विधायक ने मानवीय संवेदना दिखाते हुए उनकी मदद की, जिससे दीपक को समय पर जीवन रक्षक उपचार मिल सका।
यह घटना न केवल जनप्रतिनिधियों की सामाजिक जिम्मेदारी को रेखांकित करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि संवेदनशीलता और समय पर की गई पहल किसी की जान बचाने में निर्णायक साबित हो सकती है। डुमरांव विधायक राहुल कुमार सिंह का यह प्रयास क्षेत्र में मानवीय सेवा की एक सशक्त मिसाल बनकर सामने आया है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments