Ad Code

नाथ बाबा मंदिर से चंदन चोरी मामले की CID जांच की मांग, युवा समाजसेवी रामजी सिंह ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र


बक्सर । बक्सर जिला के युवा समाजसेवी रामजी सिंह उर्फ आकाश कुमार सिंह ने नाथ बाबा मंदिर परिसर से चंदन के पेड़ों की चोरी के मामले को लेकर मुख्यमंत्री बिहार को पत्र लिखकर CID जांच कराने की मांग की है। उन्होंने इस घटना को गंभीर, रहस्यमय और प्रशासनिक लापरवाही से जुड़ा बताते हुए निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच की आवश्यकता जताई है।


पत्र में उन्होंने उल्लेख किया है कि बीते 22 दिसंबर की रात सदर एसडीओ आवास से सटे नाथ बाबा मंदिर परिसर में चोरों ने प्रवेश कर चंदन के दो पेड़ों को काटकर चोरी कर लिया। हैरानी की बात यह है कि घटना के आठ दिन बाद मंदिर से कुछ दूरी पर स्थित यमुना घाट से 48 घंटे के अंतराल पर दोनों पेड़ों की लकड़ियां बरामद हुईं, लेकिन अब तक चोरों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस इस पूरे मामले में गंभीरता से जांच करने के बजाय लीपापोती में लगी हुई है।

रामजी सिंह ने पत्र में कई सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि चोर सदर एसडीओ आवास परिसर से होते हुए मंदिर में दाखिल हुए और वहीं रखी सीढ़ी व रस्सी का उपयोग किया गया। ऐसे में आवास की सुरक्षा में तैनात रात्रि प्रहरी और सुरक्षा गार्ड की भूमिका संदेह के घेरे में है। 
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि चोरों को कैसे पता था कि उस रात सदर एसडीओ आवास पर मौजूद नहीं थे और मंदिर के महंत भी बाहर थे। साथ ही उन्होंने आश्चर्य जताया कि मंदिर परिसर में चंदन के पेड़ होने की जानकारी आम लोगों या नियमित भक्तों को भी नहीं थी, फिर चोरों को इसकी जानकारी कैसे मिली।

उन्होंने कहा कि एक ही घाट से बार-बार लकड़ियों की बरामदगी पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े करती है। पत्र में रामजी सिंह ने नाथ बाबा मंदिर की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि यह बक्सरवासियों की आस्था का केंद्र है और इस घटना से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।

युवा समाजसेवी ने मुख्यमंत्री से अपील की है कि मामले की CID जांच कराकर दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए, ताकि सच्चाई सामने आए और मंदिर की गरिमा बनी रहे। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष कार्रवाई से सुशासन पर लोगों का भरोसा और मजबूत होगा।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 





Post a Comment

0 Comments

Close Menu