बक्सर । जिले के सिमरी प्रखंड परिसर में बिहार राज्य खेत मजदूर यूनियन की अंचल कमिटी के नेतृत्व में एक दिवसीय धरना दिया गया। धरने में जिला परिषद सदस्य केदार यादव, गायघाट सरपंच अरविंद यादव सहित दर्जनों कार्यकर्ता एवं ग्रामीण शामिल हुए। धरनास्थल पर यूनियन नेताओं ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की।
धरना कार्यक्रम के दौरान बिहार राज्य खेत मजदूर यूनियन की ओर से एक 18 सूत्री मांग पत्र प्रस्तुत किया गया। मांगों में प्रमुख रूप से मनरेगा योजना को पुनः लागू करने तथा जीआरजी योजना को निरस्त करने, पुराने श्रम कानूनों को बहाल करने और संशोधित श्रम कानूनों को वापस लेने की मांग शामिल है। यूनियन ने भूमिहीनों के लिए गृहस्थ एवं बासगीत पर्चाधारियों को दखल-देहानी कराने, सरकारी एवं रैयती भूमि पर बसे गरीब परिवारों को गृहस्थल और बासगीत पर्चा देने की भी मांग उठाई।
मांग पत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बेघर एवं कच्चे मकान में रहने वाले लोगों को प्राथमिकता देने, सिमरी प्रखंड में गरीबों को राशन कार्ड उपलब्ध कराने और छूटे हुए परिवारों के नाम जोड़ने की मांग की गई। इसके साथ ही बक्सर जिले में पंचायतवार श्रम कार्ड बनाने के लिए शिविर लगाने, आगजनी एवं डूबने से मृत लोगों के आश्रितों को अनुग्रह राशि देने की मांग रखी गई।
धरने में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली पर भी चिंता जताई गई। यूनियन ने सिमरी प्रखंड के स्वास्थ्य उपकेंद्रों पर मुफ्त जांच, अल्ट्रासाउंड, रक्त जांच, सीटी स्कैन एवं आवश्यक दवाओं की व्यवस्था करने की मांग की। वहीं सड़क निर्माण, जर्जर सड़कों के पुनर्निर्माण, सब्जी भंडारण एवं कृषि आधारित उद्योग स्थापित करने, भूमि अधिग्रहण, मुआवजा भुगतान, सिंचाई व मत्स्य पालन के लिए डैम निर्माण तथा जमीन से जुड़े विवादों के त्वरित निष्पादन की भी मांगें उठाई गईं।
धरना के माध्यम से यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...














0 Comments