बक्सर । बुधवार को बक्सर जिलाधिकारी द्वारा मलई बराज योजना का स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बक्सर जिला अंतर्गत उद्वह सिंचाई योजना सहित मलई बराज योजना (द्वितीय पुनरीक्षित) के निर्माण कार्य से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए कुल 20495.64 लाख रुपये (दो सौ चार करोड़ पंचानवे लाख चौसठ हजार रुपये मात्र) की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।
जिलाधिकारी को कार्यपालक अभियंता, सिंचाई प्रमंडल द्वारा अवगत कराया गया कि योजना के तहत काव नदी में जल संचयन कर लिफ्टिंग प्रणाली के माध्यम से भोजपुर कैनाल एवं केसठ-3 डिस्ट्रीब्यूशन में पानी पहुंचाया जाएगा। इसके साथ ही केसठ-3 डिस्ट्रीब्यूशन से जुड़े केसठ-4 डिस्ट्रीब्यूशन में विभाग द्वारा कराए जाने वाले अर्थ रिमूविंग (मिट्टी हटाने) कार्य की जानकारी भी दी गई। जिलाधिकारी ने सभी तकनीकी पहलुओं की समीक्षा करते हुए कार्य की प्रगति पर संतोष जताया और संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
उल्लेखनीय है कि बक्सर जिले के चौंगाई, ब्रह्मपुर, केसठ, नावानगर सहित आसपास के क्षेत्रों में सिंचाई सुविधा के अभाव में किसानों को लंबे समय से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। सरकार के इस निर्णय एवं मलई बराज परियोजना के क्रियान्वयन से केसठ-3 वितरणी एवं भोजपुर वितरणी के अंतिम छोर तक सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जा सकेगा।
इस परियोजना के पूर्ण होने से चौंगाई, ब्रह्मपुर, डुमरांव, केसठ एवं नावानगर प्रखंड क्षेत्र की लगभग 5630 हेक्टेयर भूमि में सिंचाई सुविधा की पुनर्स्थापना संभव होगी, जिससे किसानों की खेती में सुधार होगा और उत्पादन बढ़ेगा। यह योजना कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में अहम भूमिका निभाएगी।
निरीक्षण के क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी डुमरांव, कार्यपालक अभियंता, सिंचाई प्रमंडल नावानगर, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी नावानगर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...














0 Comments