बक्सर । अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार 13 जनवरी से प्रारंभ मनरेगा संग्राम कार्यक्रम के तहत आज बरहमपुर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में एक दिवसीय आंदोलनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत रघुनाथपुर ग्राम से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में मनरेगा मजदूरों, महिलाओं एवं युवाओं ने भाग लिया।
मनरेगा योजना में हो रही कथित छेड़छाड़ और इसे कमजोर किए जाने के विरोध में आयोजित इस आंदोलन को आम जनमानस का व्यापक समर्थन मिला। मौके पर उपस्थित मनरेगा मजदूरों एवं ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं को खुलकर रखा और सरकार की नीतियों पर नाराजगी जताई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित बक्सर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडे ने अपने संबोधन में कहा कि मनरेगा योजना यूपीए सरकार की एक विश्वस्तरीय और जनकल्याणकारी योजना थी, जिसे तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह एवं कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के नेतृत्व में मजबूत और प्रभावी बनाया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान मोदी सरकार ने मनरेगा के साथ गंभीर खिलवाड़ किया है, जिससे गरीब मजदूरों को नुकसान पहुंच रहा है और बड़े उद्योगपतियों—अडानी व अंबानी—को लाभ दिया जा रहा है।
डॉ. पांडे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस अन्याय का पुरजोर विरोध करती है और जरूरत पड़ी तो किसी भी प्रकार के संघर्ष और कुर्बानी से पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने यह भी कहा कि जिले के गांव-गांव तक मनरेगा से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का नाम हटाने और योजना को कमजोर करने के षड्यंत्र का पर्दाफाश किया जाएगा। आने वाले दिनों में बक्सर जिला कांग्रेस कमेटी इस आंदोलन को और अधिक आक्रामक रूप देगी।
बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त प्रभारी मृणाल अनामय ने कहा कि जिस तरह राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नाम और उनके विचारों के साथ छेड़छाड़ की जा रही है, वह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के बल पर देश को आज़ादी दिलाई और समाज को एक सूत्र में बांधा। मनरेगा का मूल स्वरूप बदल दिया गया है—जहां पहले 100 दिनों के रोजगार की गारंटी थी, आज उस गारंटी को भी कमजोर किया जा रहा है। यह लोकतंत्र के लिए खतरे की घंटी है, जिसे कांग्रेस पार्टी कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजू वर्मा ने की। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता भोला ओझा, लालबाबू मिश्रा, डॉ. चंद्रशेखर पाठक, मोहम्मद जलील अंसारी, राजेश पांडे, गौतम वर्मा, गंगेश्वर पांडे, तारकेश्वर पाठक, दीपक कुमार, सरवन कुमार सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...














0 Comments