बक्सर । जिले के रामदास राय के डेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत राजापुर बेनीलाल के डेरा गांव में मंगलवार की देर रात बेखौफ अपराधियों ने एक किराना व्यवसायी को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया है।
घायल युवक की पहचान स्वर्गीय भुवनेश्वर शाह के 24 वर्षीय पुत्र राकेश गुप्ता के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार राकेश गुप्ता रोज़ की तरह रात में अपनी किराना दुकान बंद कर रहे थे। इसी दौरान अज्ञात अपराधी अचानक वहां पहुंचे और राकेश की कनपटी पर सटाकर गोली चला दी। गोली चलने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए, जबकि राकेश गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़े।
गोली की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में घायल को इलाज के लिए सिमरी पीएचसी ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर बताते हुए उन्हें बक्सर सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
सदर अस्पताल में भी स्थिति नाजुक होने पर डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए राकेश गुप्ता को वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर भेज दिया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही रामदास राय के डेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल गोली मारने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुटी हुई है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...














0 Comments