बक्सर । आरपीएफ बक्सर द्वारा ईमानदारी और त्वरित कार्रवाई का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है। आरपीएफ बक्सर ने असम के एक यात्री का करीब दो लाख रुपये नगद एवं लगभग 30 हजार रुपये का सामान सुरक्षित रूप से लौटाकर मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की है।
मंगलवार को सुरक्षा नियंत्रण कक्ष दानापुर से रेल मदद के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि गाड़ी संख्या 15658 ब्रह्मपुत्र मेल के कोच H-1, बर्थ नंबर 13 पर यात्रा कर रहे एक यात्री का दो ट्रॉली बैग एवं एक पिठू बैग छूट गया है। जानकारी के अनुसार यात्री आरा स्टेशन पर पानी लेने के लिए उतरे थे, इसी दौरान गाड़ी खुल गई और यात्री ट्रेन में चढ़ नहीं पाए। इसके बाद ट्रेन बक्सर स्टेशन पहुंची।
सूचना मिलते ही आरपीएफ पोस्ट बक्सर के प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह ने तत्परता दिखाते हुए अपने अधिकारियों एवं जवानों के साथ ट्रेन को अटेंड किया और संबंधित कोच से बर्थ नंबर 13 पर रखा गया दोनों ट्रॉली बैग एवं पिठू बैग सुरक्षित रूप से उतार लिया गया। इसके बाद यात्री की पहचान कर उन्हें सूचना दी गई।
यात्री की पहचान सब्बाज खान (उम्र लगभग 66 वर्ष), पिता अहमद खान, निवासी फौजदारी पट्टी, गुरुद्वारा रोड, नागांव (असम) के रूप में हुई। यात्री के आरपीएफ पोस्ट पर पहुंचने के बाद उनके सामने बैग खोलकर जांच की गई, जिसमें दोनों ट्रॉली बैग में एक-एक लाख रुपये नगद (₹500 के नोटों की चार-चार गड्डियां) तथा लगभग 30 हजार रुपये मूल्य के कपड़े एवं दवाइयां पाई गईं। पूर्ण संतुष्टि के बाद नगद राशि एवं समस्त सामान सही-सलामत यात्री को सुपुर्द कर दिया गया।
इस नेक कार्य के लिए यात्री ने आरपीएफ बक्सर की भूरी-भूरी प्रशंसा की। निरीक्षक प्रभारी कुंदन सिंह के नेतृत्व में उप निरीक्षक दिनेश चौधरी, उप निरीक्षक विजेंद्र मुवाल, सहायक उप निरीक्षक नंदलाल राम एवं आरक्षी बीके सिंह की तत्परता और ईमानदारी की सराहना अन्य यात्रियों के बीच भी चर्चा का विषय बनी हुई है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...














0 Comments