बक्सर । बक्सर जिले के केसठ प्रखंड अंतर्गत एक गांव में शनिवार को एक स्कूली छात्रा के साथ कट्टा दिखाकर किए गए सामूहिक दुष्कर्म की घटना ने पूरे जिले में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। इस नृशंस घटना को लेकर भाकपा (माले) के डुमरांव के पूर्व विधायक डॉ. अजीत कुमार सिंह ने कड़ी निंदा करते हुए इसे बिहार सरकार और पुलिस प्रशासन की गंभीर लापरवाही का परिणाम बताया है। उन्होंने कहा कि यह घटना साबित करती है कि अपराधियों में अब प्रशासन का कोई भय नहीं रह गया है, जिससे खासकर लड़कियों और महिलाओं में असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है।
घटना के विरोध में रविवार सुबह ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। सुबह करीब 9 बजे मोहनिया-आरा मुख्य मार्ग पर महुआरी गांव के समीप आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। ग्रामीण पीड़ित परिवार की सुरक्षा, दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी करने लगे। लगभग पांच घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग जाम रहा, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हालांकि ग्रामीणों ने यात्रियों से सहयोग की अपील की।
सड़क जाम का नेतृत्व पूर्व विधायक डॉ. अजीत कुमार सिंह ने किया। उन्होंने इसे बेहद नृशंस और निर्मम कुकृत्य बताते हुए कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए। डॉ. अजीत सिंह ने मांग की कि इस मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर अपराधियों को शीघ्र कड़ी से कड़ी सजा दी जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
जाम की सूचना पर डुमरांव विधायक राहुल सिंह, पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य, एसडीपीओ पोलस्त कुमार सहित कई थानों के थानाध्यक्ष एवं पुलिस बल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिया, जिसके बाद जाम समाप्त कराया गया। इस दौरान डुमरांव विधायक राहुल सिंह ने कहा कि बिहार सरकार ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाती है। सरकार पीड़ित परिवार के साथ है और हरसंभव मदद की जाएगी। दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पुलिस के वरीय अधिकारियों से बातचीत कर आवश्यक और त्वरित कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
पूर्व विधायक डॉ. अजीत कुमार सिंह ने कहा कि यह घटना बिहार में लड़कियों और महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलती है। सरकार की सुरक्षा नीतियां कागजों तक सीमित रह गई हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में लोग भय के साये में जीने को मजबूर हैं, स्कूल जाने वाली छात्राएं असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने मांग की कि आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी हो, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कर फांसी जैसी सख्त सजा दी जाए, ग्रामीण इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए। भाकपा (माले) ने इस मुद्दे पर संघर्ष जारी रखने की घोषणा की है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...














0 Comments