बक्सर । डुमरांव अनुमंडल अंतर्गत कोपवा धाम स्थित मां काली मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। प्रत्येक अमावस्या तिथि पर यहां विशेष पूजा-अर्चना एवं आरती का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में रविवार की रात्रि 46वें अमावस्या मासिक महाअनुष्ठान का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।
महाअनुष्ठान के अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। कड़ाके की ठंड के बावजूद देर रात तक धार्मिक कार्यक्रम चलते रहे। बनारस से आए आचार्य पंडित सुशील शास्त्री के नेतृत्व में संध्या काल भव्य आरती संपन्न हुई, जिसके बाद विधिवत पूजन आरंभ किया गया। इस अनुष्ठान में कोलकाता से आए आचार्यों ने भी सहभागिता निभाई और वैदिक मंत्रोच्चार से पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया।
अनुष्ठान में गांव के साथ-साथ आसपास एवं दूर-दराज के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों ने मां काली के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा प्रसाद ग्रहण किया। 46वें आयोजन के अवसर पर मंदिर कमेटी की ओर से सभी आचार्यों एवं गणमान्य अतिथियों का शॉल एवं माता की चुनरी भेंट कर सम्मान किया गया।
मंदिर कमेटी ने बताया कि प्रत्येक अमावस्या तिथि पर भंडारे का आयोजन किया जाता है, जिसमें श्रद्धालुओं को पूड़ी, खीर, सब्जी एवं बूंदी प्रसाद के रूप में वितरित की जाती है। कमेटी के अनुसार इस मासिक अनुष्ठान को 108 अमावस्या तक निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया गया है, जिसका उद्देश्य कोपवा धाम को एक प्रमुख शक्तिपीठ के रूप में विकसित करना है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कमेटी के अमिताभ कुमार सिंह उर्फ मुन्ना सिंह, अरुण सिंह पहलवान, प्रदीप कुमार सिंह उर्फ प्रिंस सिंह, करिया सिंह, सोनू यदुवंशी, रामेश्वर सिंह, लल्लू सिंह, बिहारी सिंह सहित समस्त ग्रामीणों एवं क्षेत्रवासियों का सराहनीय योगदान रहा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...














0 Comments