बक्सर । सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और भावी पीढ़ी को यातायात नियमों के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन बक्सर की पहल पर रेडियंट पब्लिक स्कूल की दोनों शाखाओं—वीर कुंवर सिंह कॉलोनी, चरित्रवन बक्सर एवं लाढोपुर दानी कुटिया, कृतपुरा बक्सर—में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया।
अभियान के तहत कक्षा 9वीं एवं 10वीं के छात्र-छात्राओं के बीच सड़क सुरक्षा विषय पर क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साह, अनुशासन और जागरूकता के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान हेलमेट व सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, ट्रैफिक सिग्नल के पालन, पैदल चलने के सुरक्षित नियमों और सड़क पर जिम्मेदार व्यवहार से जुड़े प्रश्न पूछे गए, जिनका छात्रों ने सटीक उत्तर देकर अपने ज्ञान का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
क्विज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान स्नेहा सिंह एवं रिया सिंह (कक्षा 9वीं) ने प्राप्त किया। द्वितीय स्थान रिया सिंह एवं आशिष कुमार सिंह (कक्षा 10वीं) को मिला, जबकि तृतीय स्थान रक्षित ठाकुर (कक्षा 10वीं) एवं हिमांशु सिंह (कक्षा 9वीं ‘A’) ने हासिल किया। इसके अतिरिक्त विशेष गुप्ता, ऋषि कुमार, शिवम पाण्डेय, आस्था राज, राज हंसनी, आदित्य कुमार शर्मा, आदित्य कुमार, पिंस कुमार सिंह, विक्की मिश्रा, रितिका कुमारी, दिशा चौधरी, अंकु सिंह राजपूत, अमित कुमार, हिमांशु तिवारी, आशिष कुमार दुबे, रोशन कुमार एवं शुभम गुप्ता सहित कई विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बेस्ट परफॉर्मर के रूप में चयनित किया गया।
जागरूकता कार्यक्रम में जिला प्रशासन बक्सर के अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रही। इस अवसर पर एमवीआई संदीप कुमार, एमवीआई विकास कुमार, ईएसआई सत्यवती कुमारी , नेहा कुमारी , परिवहन विभाग के चंदन कुमार, परशुराम नयन फाउंडेशन के प्रोजेक्ट मैनेजर प्रांजल , रंजन कुमार वैष्णव, ईएसआई अद्विती कुमारी एवं शालिनी कुमारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सड़क सुरक्षा नियमों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एमवीआई संदीप कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा से जुड़ा विषय है। यदि बच्चे कम उम्र से ही यातायात नियमों को समझें और उनका पालन करें, तो भविष्य में सड़क दुर्घटनाओं में निश्चित रूप से कमी आएगी।
विद्यालय के निदेशक पारसनाथ सिंह ने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रेडियंट पब्लिक स्कूल का उद्देश्य केवल शैक्षणिक ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों को जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनाना है। वहीं विद्यालय के प्रधानाध्यापक जय प्रकाश सिंह ने कहा कि आज के छात्र ही कल के चालक और नागरिक हैं, ऐसे में अभी से उन्हें अनुशासन और नियमों का महत्व समझाना अत्यंत आवश्यक है।
उप प्रधानाध्यापिका श्यामली सिंह ने भी सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यक्रमों को बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण के लिए उपयोगी बताया।कार्यक्रम के समापन पर विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने जिला प्रशासन बक्सर की इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...














0 Comments