बक्सर । इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA), बक्सर की एक आपात बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया है कि आज शुक्रवार, 23 जनवरी को बक्सर जिले के सभी निजी चिकित्सक अपनी ओपीडी सेवाएँ पूर्णतः बंद रखेंगे। यह निर्णय सदर अस्पताल, बक्सर में कार्यरत चिकित्सकों के साथ हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना के विरोध में तथा उनके प्रति एकजुटता और समर्थन व्यक्त करने के उद्देश्य से लिया गया है।
IMA बक्सर के सेक्रेटरी डॉ. रितेश चौबे ने स्पष्ट रूप से कहा है कि चिकित्सकों के साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता, हिंसा या उत्पीड़न पूरी तरह अस्वीकार्य है। संगठन ने इस घटना को गंभीर बताते हुए प्रशासन से दोषियों के विरुद्ध शीघ्र एवं कठोर कार्रवाई की मांग की है।
IMA ने अपनी मांगों में अस्पताल परिसरों में चिकित्सकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाने पर जोर दिया है।
हालांकि, IMA बक्सर ने आम जनता के हित को ध्यान में रखते हुए यह भी स्पष्ट किया है कि इस दौरान सभी अस्पतालों और नर्सिंग होम में आपातकालीन सेवाएँ (इमरजेंसी सर्विसेज) पूर्ववत चालू रहेंगी, ताकि किसी भी मरीज को गंभीर असुविधा का सामना न करना पड़े।
IMA के इस निर्णय से जिले के स्वास्थ्य सेवाओं पर अस्थायी प्रभाव पड़ने की संभावना है, वहीं चिकित्सक समुदाय ने इसे अपने सम्मान और सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम बताया है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...














0 Comments