बक्सर । बक्सर जिले के चौसा थर्मल पावर प्लांट में कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 44 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान राजकुमार (44 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बिहार के गया जिले का निवासी था। घटना के बाद प्लांट में अफरा-तफरी मच गई और मजदूरों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजकुमार प्लांट परिसर में एलएंडटी के अंतर्गत पावर मैक कंपनी में कार्यरत था। वह ग्राइंडर से भारी-भरकम पाइप पर काम कर रहा था, तभी अचानक पाइप सरक गया और वह उसके नीचे दब गया। हादसा इतना गंभीर था कि जब तक पाइप हटाकर उसे बाहर निकाला गया, तब तक उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
घटना की खबर फैलते ही प्लांट में काम कर रहे अन्य मजदूर आक्रोशित हो गए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की। मांगों को लेकर मजदूरों ने काम पूरी तरह ठप कर दिया, जिससे प्लांट का कार्य प्रभावित हुआ।
सूचना मिलते ही संबंधित थाना के थानाध्यक्ष शम्भू भगत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आक्रोशित मजदूरों को समझा-बुझाकर शांत कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया। साथ ही प्लांट के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया, ताकि मजदूरों की मांगों को लेकर बातचीत की जा सके।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। परिजनों के पहुंचने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण हुआ या किसी अन्य वजह से।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...














0 Comments