बक्सर । जिले के सिकरौल थाना क्षेत्र अंतर्गत भखवा गांव में बुधवार को विवादित जमीन में फसल काटने को लेकर दो पक्षों के बीच हुए हिंसक टकराव में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज चार घंटे के भीतर चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार भखवा गांव में कन्हैया चौबे और धनंजय चौबे के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा था। बुधवार को खेत में फसल काटने के दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट और फिर गोलीबारी में बदल गई। इस दौरान संजय चौबे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य और डुमरांव के एसडीपीओ पोलस्त कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। साक्ष्य संकलन के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए।
एसपी के निर्देश पर मामले के त्वरित उद्भेदन के लिए एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर हत्याकांड में शामिल चार मुख्य आरोपियों—कन्हैया चौबे, गणेश चौबे, जागबली चौबे और वशिष्ठ चौबे (सभी निवासी भखवा गांव)—को गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में एसपी शुभम आर्य ने बताया कि घटना में शामिल अन्य संदिग्धों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...














0 Comments