बक्सर । अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) बक्सर नगर इकाई के अंतर्गत महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय इकाई द्वारा महर्षि विश्वामित्र की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए गए। प्रतिमा स्थापना के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र–छात्राएं एवं परिषद कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय इकाई अध्यक्ष दुर्गेश पांडेय ने की, जबकि संचालन विराज सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर उपस्थित ABVP के जिला संयोजक अविनाश पांडेय ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का मानना है कि महर्षि विश्वामित्र जी की प्रतिमा युवाओं और विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, शिक्षा और राष्ट्रसेवा के मूल्यों से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। विश्वामित्र जी का जीवन आज के विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर, चरित्रवान एवं राष्ट्रनिष्ठ बनने की प्रेरणा देता है।
वहीं जिला सह–संयोजक प्रियांशु शुभम ने कहा कि महर्षि विश्वामित्र जी की प्रतिमा की स्थापना को आज एक वर्ष पूर्ण हो गया है। यह प्रतिमा केवल एक ऐतिहासिक स्मारक नहीं, बल्कि भारतीय ज्ञान-परंपरा, तप, राष्ट्रबोध और संस्कारों की जीवंत प्रेरणा है। महर्षि विश्वामित्र जी ने अपने जीवन से यह सिद्ध किया कि कठोर साधना, दृढ़ संकल्प और ज्ञान के बल पर व्यक्ति समाज और राष्ट्र को नई दिशा दे सकता है।
नगर मंत्री अभिषेक गुप्ता ने कहा कि प्रतिमा स्थापना के एक वर्ष पूर्ण होना सभी के लिए गौरव का विषय है। महर्षि विश्वामित्र जी भारतीय संस्कृति के महान स्तंभों में से एक हैं, जिन्होंने ज्ञान, तपस्या और राष्ट्रभावना के माध्यम से समाज को दिशा दी। उनकी तपोभूमि बक्सर को यह प्रतिमा सांस्कृतिक पहचान और ऐतिहासिक गौरव प्रदान करती है।
कार्यक्रम के अंत में विवेक पांडेय ने धन्यवाद ज्ञापन किया। मौके पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अभिनंदन मिश्रा सहित राहुल कुमार, हिमांशु कश्यप, निर्भय ओझा, आदित्य गुप्ता, बंटी पटेल, आदित्य कुमार समेत सैकड़ों ABVP कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...














0 Comments