बक्सर । जन-सेवा के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए Prakash Uro Stone Kidney Care की ओर से डुमरांव विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के छतनवार गाँव में नि:शुल्क चिकित्सा महाशिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में बक्सर जिले के विभिन्न ग्रामीण इलाकों से पहुंचे सैकड़ों मरीजों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें उचित परामर्श एवं आवश्यक सुझाव दिए गए।
इस नि:शुल्क मेडिकल कैंप की खास बात यह रही कि इसमें देश के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों से जुड़े चार नामचीन विशेषज्ञ डॉक्टरों ने अपनी सेवाएँ दीं। शिविर में शामिल डॉक्टरों में प्रसिद्ध यूरोलॉजिस्ट डॉ. शशि प्रकाश (गोल्ड मेडलिस्ट, IGIMS) – किडनी एवं मूत्र रोग विशेषज्ञ, डॉ. मोहन कुमार सिंह (CMC वेल्लोर) – त्वचा रोग विशेषज्ञ, डॉ. विशाल ओझा (GMCH) – फिजिशियन, तथा डॉ. आशुतोष चौबे (CCS यूनिवर्सिटी / मैक्स हॉस्पिटल, नोएडा) – दंत रोग विशेषज्ञ शामिल रहे।
डॉ. शशि प्रकाश ने किडनी स्टोन एवं मूत्र संबंधी रोगों की जांच कर मरीजों को आवश्यक परामर्श दिया। डॉ. मोहन सिंह ने त्वचा रोगों से पीड़ित मरीजों का उपचार किया, वहीं डॉ. विशाल ओझा ने छाती एवं मधुमेह (डायबिटीज) से संबंधित मरीजों की जांच कर जीवनशैली में सुधार के सुझाव दिए। दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. आशुतोष चौबे ने मुख एवं दंत स्वास्थ्य की जांच की।
शिविर के दौरान डॉक्टरों ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता की कमी के कारण लोग अक्सर छोटी बीमारियों को नजरअंदाज कर देते हैं, जो आगे चलकर गंभीर रूप ले लेती हैं। इस तरह के शिविरों का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक विशेषज्ञ चिकित्सकीय सलाह पहुँचाना है।
ग्रामीणों ने इस पहल की जमकर सराहना की और कहा कि गांव स्तर पर इतने बड़े चिकित्सा संस्थानों से जुड़े डॉक्टरों का आना एक सराहनीय और लाभकारी कदम है। इस अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य लोग एवं सामाजिक कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...














0 Comments