Ad Code

तुरांवगढ़ में 40 मुसहर परिवारों के घर उजड़े, पूर्व विधायक डॉ. अजीत कुमार सिंह ने प्रशासन से तत्काल राहत व पुनर्वास की मांग



बक्सर । नावानगर प्रखंड के रूपसागर पंचायत अंतर्गत तुरांवगढ़ गांव में नहर किनारे पुस्तों पर बसे मुसहर जाति के लगभग 40 परिवारों के घर उजाड़े जाने का मामला सामने आया है, जिसे जनप्रतिनिधियों ने गंभीर और अमानवीय करार दिया है। इस कार्रवाई के बाद ठंड के मौसम में छोटे-छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों सहित पूरा परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को विवश है।



घटना की जानकारी मिलते ही डुमरांव के पूर्व विधायक डॉ. अजीत कुमार सिंह, भाकपा-माले के प्रखंड सचिव हरेन्द्र राम, मड़ियाँ पैक्स अध्यक्ष नीरज कुमार, जिला परिषद सदस्य राजीव कुमार यादव, मुखिया ब्रिज कुमार सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मिलकर उनकी स्थिति का जायजा लिया।
पूर्व विधायक डॉ. अजीत कुमार सिंह ने अंचल अधिकारी से दूरभाष पर वार्ता कर पीड़ित परिवारों को तत्काल तिरपाल, कंबल, भोजन और अस्थायी आवास की व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही उन्होंने सभी प्रभावित परिवारों के लिए स्थायी पुनर्वास की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने पर जोर दिया।


डॉ. सिंह ने कहा कि मुसहर समाज पहले से ही सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक रूप से अत्यंत पिछड़ा हुआ है। ऐसे में बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के उन्हें बेदखल करना मानवीय मूल्यों के विरुद्ध है और यह संविधान द्वारा प्रदत्त जीवन के अधिकार का सीधा उल्लंघन है। उन्होंने प्रशासन से अविलंब राहत सामग्री, राशन, अस्थायी आवास और स्थायी बसावट के लिए भूमि उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 





Post a Comment

0 Comments

Close Menu