बक्सर । देश की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद रविकांत सिंह, आईपीएस की स्मृति में आयोजित होने वाला शहीद रविकांत सिंह अंतरराज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट इस वर्ष भी पूरे भव्यता और उत्साह के साथ आयोजित किया जा रहा है। टूर्नामेंट का शुभारंभ 26 जनवरी, गणतंत्र दिवस के अवसर पर डुमरांव में किया जाएगा। इसे लेकर शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में आयोजन समिति के सदस्यों ने विस्तृत जानकारी साझा की।
प्रेस वार्ता में आयोजक नागेंद्र नाथ ओझा, शिवांग विजय सिंह, संजय शर्मा, पूर्व खिलाड़ी मनोज जायसवाल सहित अन्य सदस्यों ने बताया कि यह टूर्नामेंट केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि वीर शहीद रविकांत सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करने का सशक्त माध्यम है। हर वर्ष की तरह इस बार भी देश के विभिन्न राज्यों से टीमें भाग लेंगी, जिससे मुकाबले बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।
आईपीएल खिलाड़ियों की मौजूदगी से बढ़ेगा आकर्षण
आयोजन समिति ने बताया कि इस वर्ष टूर्नामेंट की विशेष बात यह है कि इसमें आईपीएल खिलाड़ी दीपक पूनिया और राजस्थान आईपीएल टीम के खिलाड़ी ब्रजेश शर्मा भी हिस्सा लेंगे। इन नामचीन खिलाड़ियों की मौजूदगी से न सिर्फ दर्शकों का उत्साह बढ़ेगा, बल्कि स्थानीय खिलाड़ियों को भी उनसे सीखने का अवसर मिलेगा। टूर्नामेंट में कई अंतरराज्यीय टीमें भाग लेंगी, जिनके बीच लीग और नॉकआउट मुकाबले खेले जाएंगे।
आयोजकों के अनुसार, टूर्नामेंट के विजेता को 1 लाख 51 हजार रुपये नकद पुरस्कार दिया जाएगा, जबकि उपविजेता टीम को 51 हजार रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कार और ट्रॉफी भी दी जाएगी। समिति ने बताया कि खेल भावना, अनुशासन और सुरक्षा को लेकर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
आयोजन समिति ने कहा कि बेहतर व्यवस्था और आकर्षक पुरस्कार राशि के कारण इस टूर्नामेंट की पहचान अब राज्य स्तर से निकलकर अंतरराज्यीय स्तर तक बन चुकी है। टूर्नामेंट के सफल आयोजन में स्थानीय प्रशासन का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है। एसडीएम राकेश कुमार, एसडीपीओ पोलत्स कुमार, बीडीओ संदीप पांडेय, ईओ राहुल धर दुबे सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने खेल मैदान का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। प्रशासन की ओर से सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी सकारात्मक सहयोग का भरोसा दिलाया गया है।
आयोजकों ने कहा कि यह टूर्नामेंट डुमरांव की धरती से वीर शहीदों की स्मृति को जीवित रखने के साथ-साथ युवाओं में देशभक्ति और खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हर वर्ष आयोजित किया जाता है।
कौन थे शहीद रविकांत सिंह
शहीद रविकांत सिंह बक्सर जिले के सिमरी प्रखंड अंतर्गत दुल्लहपुर गांव के निवासी थे। वे भारतीय पुलिस सेवा के साहसी और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी थे, जिन्हें सम्मानपूर्वक बिहार टाइगर के नाम से भी जाना जाता था। उनकी वीरता और नेतृत्व क्षमता की सराहना बिहार से लेकर असम तक होती रही। असम पुलिस में रहते हुए उन्होंने उग्रवादी संगठनों के खिलाफ कई अहम अभियानों का नेतृत्व किया। वर्ष 1996 में असम के तीनसुकिया जिले में यूनाइटेड लिब्रेशन फ्रंट ऑफ असम (उल्फा) के खिलाफ चल रहे एक ऑपरेशन के दौरान वे मुठभेड़ में शहीद हो गए। देश की एकता और अखंडता की रक्षा करते हुए दिए गए उनके सर्वोच्च बलिदान को आज भी आयोजन समिति और क्षेत्रवासी पूरे सम्मान के साथ याद करते हैं।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...














0 Comments